ममता बनर्जी की टिप्पणी पर बरसे पेमा खांडू
- फोटो : ANI
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 'गैरजिम्मेदाराना' टिप्पणी के लिए जमकर आलोचना की है। दरअसल 28 अगस्त को कोलकाता में तृणमूल छात्र शाखा की रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा था कि अगर बंगाल जला तो, असम, उत्तरपूर्व, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी प्रभावित होंगे। इस पर पलटवार करते हुए सीएम पेमा खांडू ने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी सुप्रीमो की टिप्पणी ने उनकी 'अराजकता की राजनीति' को उजागर कर दिया है।
'TMC सुप्रीमो की 'अराजकता की राजनीति' उजागर'
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पूर्वोत्तर क्षेत्र पर की गई हालिया टिप्पणी गैर-जिम्मेदाराना थी और देश की एकता की भावना के खिलाफ थी। इस दौरान सीएम पेमा खांडू ने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी सुप्रीमो की टिप्पणी ने उनकी 'अराजकता की राजनीति' को उजागर कर दिया है।
राज्य में भारी विरोध प्रदर्शन के बाद ममता ने की थी टिप्पणी
बता दें कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की ये टिप्पणी कोलकाता में एक पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के कथित बलात्कार और हत्या के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद आई थी।
'ममता बनर्जी की टिप्पणी उनकी हताशा को दर्शाती है'
वहीं इस मामले में सीएम पेमा खांडू ने एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में लिखा, पश्चिम बंगाल की सीएम की तरफ से पूर्वोत्तर पर की गई अप्रिय टिप्पणी बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और उनकी हताशा को दर्शाती है। यह उनकी अराजकता की राजनीति को उजागर करती है और हमारे देश में एकता की भावना के खिलाफ है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।
पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोग शांतिप्रिय हैं- सीएम पेमा खांडू
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोग शांतिप्रिय हैं और उन लोगों की कड़ी निंदा करते हैं जो शत्रुता और विभाजन को बढ़ावा देते हैं। सीएम खांडू ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर लिखा, अब समय आ गया है कि विभाजनकारी बयानबाजी से आगे बढ़कर एक मजबूत, अधिक सामंजस्यपूर्ण राष्ट्र के निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जाए।