केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली की संपत्ति वित्त वर्ष 2015-16 में 2.8 करोड़ रुपये घट गई है। वित्तीय वर्ष 2015-16 के अंत मार्च 2016 में जेटली की संपत्ति 69.13 करोड़ रुपये रह गई। इससे पहले मार्च 2015 के अंत में यह 71.95 करोड़ रुपये थी।
साल 2015-16 के लिए संपत्तियों और देनदारियों की अपनी वार्षिक घोषणा में जेटली ने अपनी अचल संपत्तियों का मूल्य 35.21 करोड़ रुपये बताया है जो पिछले वित्तीय वर्ष के बराबर है। जेटली के पास राष्ट्रीय राजधानी में तीन, हरियाणा, गुजरात और पंजाब में एक-एक रिहायशी संपत्ति है।
इसके अतिरिक्त फरीदाबाद में 3600 वर्ग फीट का प्लॉट और गुड़गांव में 5453 वर्ग फीट की वाणिज्यिक संपत्ति है। जेटली के एचडीएफसी बैंक के तीन और एसबीआई के एक बैंक खातों में 31 मार्च 2015 के अंत में शेष राशि 3.52 करोड़ से घट कर एक करोड़ रह गई।
जेटली की संपत्ति वित्त वर्ष 2015-16 में 2.8 करोड़ रुपये घटी
- फोटो : Getty
एनप्रो ऑयल लिमिटेड और डीसीएम श्रीराम कॉन्सोलिडेटेड लिमिटेड समेत अन्य कंपनियों में 17 करोड़ रुपये जमा हैं।
मार्च 2015 में केंद्रीय मंत्री के पास नकद राशि 95.35 लाख से घटकर 65.29 लाख रुपये रह गई। इसके साथ ही पीपीएफ और अन्य निवेश की कुल राशि 11.24 करोड़ से घटकर 11 करोड़ रह गई।
उन्होंने 2014-15 की घोषणा में 21.70 लाख रुपये का निवेश दिखाया था जो 2015-16 की घोषणा में नहीं है। वित्तमंत्री चार कारों के मालिक हैं, जिनमें दो मर्सिडीज, एक होंडा अकॉर्ड और एक टोयोटा फॉर्च्यूनर है।
इनकी कुल कीमत वित्त वर्ष 2016 में 1.93 करोड़ रुपये है। जबकि वित्त वर्ष 2015 में इन गाड़ियों के अलावा उनके पास एक बीएमडब्ल्यू गाड़ी भी थी जो इस बार की घोषणा में नहीं है।
वित्त वर्ष 2014-15 में पीएम मोदी की सम्पत्ति में इजाफा
- फोटो : Getty
जेटली के पास सोने और चांदी के आभूषणों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। इन आभूषणों का मूल्य मार्च 2015 के 1.76 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़ कर 1.86 करोड़ रुपये हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सम्पत्ति का ब्यौरा दिया गया है, जिसमें उनकी सम्पत्ति में इजाफा नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की सम्पत्ति वित्त वर्ष 2014-15 में 1.41 करोड़ पहुंच गई है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष यानी 2013-14 में 1.26 करोड़ के आस-पास थी।
कुल मिलाकर मोदी की सम्पत्ति में करीब 15 लाख का इजाफा देखने को मिल रहा है। मोदी की सम्पत्ति में उनकी गांधीनगर की सम्पत्ति भी शामिल है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ है।