फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनुच्छेद 370: तारिक अनवर ने दी सफाई, बोले-दिग्विजय सिंह ने बहाली नहीं, पुनर्विचार की बात कही

Sat, 12 Jun 2021 10:35 PM IST
सुरेंद्र जोशी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 की बहाली को लेकर कही गई बातों पर बवाल मच गया। कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने इसे लेकर सफाई दी है।
 
विज्ञापन
तारिक अनवर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा कांग्रेस के सत्ता में आने पर जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले पूर्ववर्ती अनुच्छेद 370 को बहाल करने की बात कहने पर शनिवार को बवाल मच गया। भाजपा ने इस पर सख्त ऐतराज जताया। वहीं कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने रात में पार्टी की ओर सफाई दी। 

विज्ञापन


तारिक अनवर ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने अनुच्छेद 370 को बहाल करने की बात नहीं की, बल्कि हम उस पर पुनर्विचार करेंगे, यह बात कही थी। मामले में कांग्रेस का रुख बहुत स्पष्ट है, हम उसी बात पर कायम है, जो हमने 2019 में कही थी। 

कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि अनुच्छे 370 को खत्म कर और जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों में तोड़कर भाजपा ने पाकिस्तान को यह मामला अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जाने का मौका दे दिया। यदि सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों, नेताओं व विधानसभा को विश्वास में लेकर ऐसा करती तो पाकिस्तान को अवसर नहीं मिलता। 

विज्ञापन

क्लब हाउस ऑडियो पर घिरे दिग्विजय सिंह
दरअसल, शनिवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अनुच्छेद 370 को लेकर दिए गए बयान पर विवादों में घिर गए। दिग्विजय सिंह का एक क्लब हाउस का ऑडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है, तो वह जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करेगी। इस ऑडियो को लेकर भाजपा ने दिग्विजय सिंह के साथ ही कांग्रेस पर हमला बोला है। 

सत्ता पाने के लिए देश की अखंडता को भी दांव पर लगा रही कांग्रेस: जितेंद्र सिंह
इसके बाद दिग्विजय पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी में व्याप्त हताशा का संकेत है। कांग्रेस किसी भी कीमत पर सत्ता में वापस आने की कोशिश कर रही है। इसके लिए भारत माता की अखंडता को भी दांव पर लगा रही है। जब भी कांग्रेस इस तरह की बात करती है, तो यह इस्लामाबाद में खुशी और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को और बढ़ावा मिलता है।

मैं दिग्विजय सिंह का बहुत आभारी हूं: फारूक अब्दुल्ला
उधर, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मैं दिग्विजय सिंह का बहुत आभारी हूं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों की भावनाओं को महसूस किया है। मैं इसका तहे दिल से स्वागत करता हूं और उम्मीद करता हूं कि सरकार इस पर दोबारा गौर करेगी।

यही तो पाकिस्तान चाहता है- अमित मालवीय
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने क्लब हाउस चैट का एक हिस्सा ट्विटर पर शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह पर हमला बोला। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- ''क्लब हाउस चैट में, राहुल गांधी के शीर्ष सहयोगी दिग्विजय सिंह एक पाकिस्तानी पत्रकार से कहते हैं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वे अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले पर पुनर्विचार करेंगे। वास्तव में? यही तो पाकिस्तान चाहता है...।''

गिरिराज बोले-पाकिस्तान है कांग्रेस का पहला प्यार
क्लब हाउस चैट लीक होने के बाद कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह भाजपा नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। केंद्रीय मंत्रि गिरिराज सिंह ने भी वायरल चैट को ट्वीट करते हुए लिखा, ''कांग्रेस का पहला प्यार पाकिस्तान है। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी का संदेश पाकिस्तान तक पहुंचाया है। कांग्रेस कश्मीर को हथियाने में पाकिस्तान की मदद करेगी।''

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें