भारत और चीन की सेनाओं ने मंगलवार को सिक्किम के नाथू ला में बैठक की और नए साल के अवसर पर एक दूसरे को बधाई दी। सेना की पूर्वी कमान ने एक ट्वीट में कहा कि भारतीय सेना और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के जवानों के बीच आपसी विश्वास और भरोसा बढ़ाने के लिए उन्होंने एक जनवरी को नाथू ला में संयुक्त रूप से नया साल मनाया।
उन्होंने एक-दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं दी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर्नल स्तर के अधिकारियों ने किया। उल्लेखनीय है कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच 2017 में दोकलाम में गतिरोध पैदा हुआ था। पूर्वी लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी-टीडब्ल्यूडी और चुशूल-मोलदो में भी दोनों देशों के सैनिकों ने नया साल मनाया।