तेलंगाना के करीमनगर शहर में रविवार को हथियारबंद लुटेरों ने दिन-दहाड़े एक ज्वेलरी शोरूम में घुसकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान की गई फायरिंग में कम से कम तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना शहर के ज्योतिनगर इलाके में स्थित पीएमजी ज्वेलरी शोरूम की है। पुलिस के मुताबिक, पांच हमलावर ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। पहले उन्होंने सामान्य ग्राहकों की तरह ज्वेलरी देखने का नाटक किया, लेकिन कुछ ही देर में हथियार निकाल लिए और कर्मचारियों को डराने के लिए गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से शोरूम में अफरा-तफरी मच गई। घबराए कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों के बल पर काबू में करते हुए लुटेरों ने डिस्प्ले काउंटर से कीमती ज्वेलरी समेटी और बैग में भरकर फरार हो गए।
सामने आया वीडियो
घटना का वीडियो भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में पांचों हमलावर साफ दिखाई दे रहे हैं। उनमें से दो ने टोपी पहन रखी थी और सभी हथियार लहराते हुए कर्मचारियों को घुटनों के बल बैठने और हाथ ऊपर उठाने के लिए मजबूर कर रहे थे। भागने से पहले एक हमलावर ने सुरक्षा गार्ड की आंखों पर पट्टी भी बांध दी। खास बात यह है कि किसी भी हमलावर ने अपना चेहरा नहीं ढका था।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और टास्क फोर्स की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीमों को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनके फरार होने के रास्तों का पता लगाने में जुटी है।
शहर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शहर से बाहर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस कमिश्नर गौस आलम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।
सेल्स मैनेजर समेत अन्य कर्मचारी घायल
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी शोरूम पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटना उनके कार्यालय के बेहद करीब हुई। उनके मुताबिक, जब कर्मचारियों ने लूट का विरोध किया तो हमलावरों ने गोली चला दी, जिसमें सेल्स मैनेजर समेत अन्य कर्मचारी घायल हो गए। डॉक्टरों ने बताया है कि घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद रेफर किया जा रहा है।
फिलहाल, लूटी गई ज्वेलरी की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है। दुकान प्रबंधन इन्वेंट्री तैयार कर रहा है, जिसके बाद ही नुकसान की सही तस्वीर सामने आ सकेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।