केंद्रीय सूचना आयोग ने नेशनल आर्काइव्स ऑफ इंडिया (एनएआई) को निर्देश दिया है कि वह कोई ऐसा रास्ता निकाले जिससे गांधी की हत्या के रिकॉर्ड तक लोगों की पहुंच आसान हो सके। आरटीआई कार्यकर्ता नितिन सागर ने एनएआई से गांधी हत्या की एफआईआर, कोर्ट की कार्यवाही और फैसले से संबंधित दस्तावेज दिलाने की मांग की थी।
सूचना आयुक्त श्रीधर आचार्युलु ने कहा कि राष्ट्रीय अभिलेखागार अपनी वेबसाइट पर खास आइकन या विंडो बनाए, ताकि महात्मा गांधी की हत्या के रिकॉर्ड तक लोग आसानी से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बारे में राष्ट्रीय अभिलेखागार की वेबसाइट पर दस्तावेज उपलब्ध है और लोग आसानी से उस तक पहुंच सकते हैं। इसी तरह गांधी के बारे में भी अलग से पेज हो ताकि लोग एक क्लिक से पूरी जानकारी प्राप्त कर सकें।
पढ़ें- सूचना आयोग का बड़ा फैसला, RTI में जान सकते हैं सफल अभ्यर्थियों के मार्क्स
सूचना आयुक्त ने नेशनल आर्काइव्स को जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाल बहादुर शास्त्री, गुलजारी लाल नंदा और इंदिरा गांधी जैसे विख्यात नेताओं से संबंधित रिकॉर्ड तक भी लोगों की पहुंच आसान बनाने के निर्देश दिए। एनएआई ने कहा कि शोधकर्ता या आम इनसान को भी मांगने पर निर्धारित फीस लेकर दस्तावेज की फोटोकॉपी मुहैया कराई जाए।