देशभर के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी व आर्किटेक्चर कॉलेजों में 2019 से सामान्य वर्ग के गरीबों को दस फीसदी आरक्षण का लाभ मिलेगा। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की एग्जीक्यूटिव काउंसिल ने मंगलवार को सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों के छात्रों के लिए दस फीसदी आरक्षण देने के नियम को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही 25 फीसदी अतिरिक्त सीट बढ़ाने का आदेश भी दिया है।
एआईसीटीई चेयरमैन प्रो. अनिल डी सहस्रबुद्धे के मुताबिक, मंगलवार को एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक आयोजित हुई। इसमें तय हुआ है कि एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में 2019 से सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों के छात्रों को दाखिले में दस फीसदी का आरक्षण दिया जाएगा। सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्ता संस्थानों को जल्द से जल्द सीट बढ़ोतरी के चलते आर्थिक वित्तीय बोझ के तहत बजट भेजने को भी कहा गया है।