किसान ट्रस्ट की तरफ से महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को 'अपराजिता सम्मान' से नवाजा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इन महिलाओं के संघर्ष को समाज के लिए बड़ी प्रेरणा बताया है। उन्होंने एसिड अटैक सर्वाइवर्स को आर्थिक मदद और सम्मान देने की किसान ट्रस्ट की पहल की सराहना भी की।
पुनर्वास की प्रतिबद्धता
अन्नपूर्णा देवी ने महिला दिवस के अवसर पर किसान ट्रस्ट द्वारा नई दिल्ली में आयोजित 'अपराजिता सम्मान' समारोह में महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह द्वारा स्थापित किसान ट्रस्ट ने किसानों के सशक्तीकरण और एसिड अटैक सर्वाइवर्स के पुनर्वास की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
छह साल अस्पताल में बिताने के बाद बीएचयू में प्रोफेसर बनीं
समारोह में पद्म श्री प्रो. मंगला कपूर को सम्मानित किया गया। 12 साल की उम्र में एसिड हमले और 6 साल अस्पताल में बिताने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। शास्त्रीय संगीत में महारत और पीएचडी हासिल कर वे बीएचयू में प्रोफेसर बनीं। उनकी संघर्ष गाथा सुनकर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
महिलाओं से ही समाज का भविष्य मजबूत
समारोह में हरियाणा के गुरुग्राम की उद्यमी पूजा शर्मा ने ₹2500 की जॉब से 'मिलेट मॉम' बनने तक के अपने अनुभव साझा किए। सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी में संस्था की ट्रस्टी चारू चौधरी ने कहा कि महिलाओं को सम्मान, अवसर और संसाधन मिलने से ही समाज का भविष्य मजबूत हो सकता है।
सशक्तीकरण को लेकर गहन मंथन
महिला सम्मान और उनके लिए समान अवसरों को लेकर नीति आयोग की प्रधान आर्थिक सलाहकार एना रॉय, यूएन विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव कांता सिंह, फिनटेक विशेषज्ञ शिंजिनी कुमार और दूरदर्शन की पूर्व एंकर सलमा सुल्तान जैसी हस्तियों ने महिलाओं की भूमिका और उनके सशक्तीकरण को लेकर गहन मंथन किया।