अपना दल की अनुप्रिया पटेल के मोदी सरकार में राज्यमंत्री बनने पर बरेली स्थित सुभाषनगर की ‘विशंभर बिल्डिंग’में मंगलवार को पूरे दिन जश्न का माहौल रहा। यहां अनुप्रिया की ननिहाल है, जहां उनकी मां कृष्णा पटेल पली-बढ़ीं। अनुप्रिया भी मां के साथ जब-जब ननिहाल आईं, यहीं रुकीं। मामा श्याम पटेल ने अपने आवास पर आने वालों की बधाई स्वीकार की और मिठाई बांटी। उनकी प्रतिक्रिया थी- ‘मुन्ना बिटिया’ (ननिहाल में प्यार से अनुप्रिया को इसी नाम से पुकारा जाता है) आज मंत्री बनी है, कल यूपी की मुख्यमंत्री भी बनेगी।
उन्होंने पांच-छह साल की एक बच्ची का ब्लैक एंड व्हाइट फोटो दिखाते हुए कहा कि देखिए बचपन में मुन्ना बिटिया ऐसी लगती थी। बताने लगे कि विधानसभा चुनाव से पहले बरेली के जिला पंचायत सभागार में हुए अपना दल के जिला सम्मेलन में अनुप्रिया आई थीं तो यहां घर पर भी रुकी थीं। ननिहाल के सभी लोगों से मिलकर वह बहुत खुश थीं। यहां उनका फोन आता रहता है और हालचाल लेती रहती हैं।
अनुप्रिया के ममेरे भाई सुशील पटेल ने कहा कि दो जुलाई को अनुप्रिया ने फूफा जी (सोनेलाल पटेल) का जन्मदिन भाजपा के मंच पर अमित शाह की मौजूदगी में मनाया था, तभी से केंद्र में उनका मंत्री बनना तय हो गया था। श्याम पटेल ने तीन महीने पहले मार्च माह में गाजियाबाद में हुए अपने बेटे की इंगेजमेंट प्रोग्राम के फोटो भी दिखाए, जिसमें अनुप्रिया, उनकी मां कृष्णा पटेल और बहन पल्लवी मौजूद थीं। सुशील पटेल के लॉ कर रहे बेटे संकल्प पटेल ने कहा कि बुआजी मंत्री बन गईं, इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।