आम लोगों की अंत्योदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस खास होगी। राजधानी से भी तेज गति से तो चलेगी ही इसके साथ इस ट्रेन के हर कोच में पीने योग्य पानी के लिए फिल्टर लगा होगा। अनारक्षित कोच के यात्रियों को बोतल बंद पानी खरीदकर पीने की मजबूरी नहीं होगी। इतना ही नहीं इस कोच को इस तरह से डिजाइन किया जा रहा है कि उसमें बैठने के साथ ही खड़े होकर यात्रा करने वाले यात्री भी सहजता महसूस कर सके।
रेलवे मंत्रालय अंत्योदय ट्रेन के अनारक्षित कोच को विशेष रूप से डिजाइन करवा रहा है। रेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन के सभी कोच एलएचबी होगा। यानी राजधानी व शताब्दी ट्रेन में जिस तरह का कोच होता है ठीक वैसे ही तैयार किया जा रहा है। इसके रंग-रूप को भी अलग तरीके का कलेवर दिया जाएगा। इस ट्रेन की स्पीड भी राजधानी ट्रेन से अधिक होगी।
राजधानी 120 किलोमीटर की स्पीड से चलती है तो अंत्योदय 130 किलोमीटर की स्पीड से चलेगी। रेलवे बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि आमूमन अनारक्षित कोच में जरूरत से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। यात्रियों को खड़े होकर सफर करने की मजबूरी होती है। लिहाजा इस तरह का डिजाइन किया जा रहा है कि यात्री पोल में झूलते हुए हत्थे (हैंडल) को पकड़ कर यात्रा कर सके। सवारी डिब्बे में जगह-जगह चार्जिंग प्वाइंट लगे होंगे ताकि मोबाइल या लैपटॉप यात्री सफर के दौरान चार्ज कर सके। बेहतर सुरक्षा के लिए सभी कोच एलएचबी वाले होंगे। छह महीने के भीतर यह ट्रेन टर उतारने की योजना है।