आईसीयू में बिजली जाने से दो की मौत, कर्नाटक विस में हंगामा
बल्लारी के विजयनगर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के आईसीयू में कथित तौर पर बिजली जाने से दो मरीजों की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को कर्नाटक विधानसभा में इसे लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। सरकार ने इन आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि वह जांच के लिए तैयार है। कुछ रिपोर्टों में सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बिजली कटौती और खराब बिजली जनरेटर को मौतों का जिम्मेदार ठहराया गया है।
सोरेन ने राज्यपाल से चुनाव आयोग की राय बताने का किया आग्रह
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को बताया कि उन्होंने राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की। इस दौरान सोरेन ने लाभ के पद के मामले में विधायक के रूप में बने रहने को लेकर पिछले तीन हफ्ते से राज्य में व्याप्त भ्रम को दूर करने का आग्रह किया। सोरेन ने दावा किया कि विपक्षी पार्टी भाजपा अनिश्चितता के माहौल का इस्तेमाल लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने के लिए विधायकों को हथियाने की कोशिश कर रही है।
दरअसल लाभ के पद के मामले में सोरेन को विधानसभा से अयोग्य ठहराने की भाजपा की याचिका के बाद चुनाव आयोग ने 25 अगस्त को राज्य के राज्यपाल को अपना फैसला भेजा था, जिससे राज्य में राजनीतिक संकट पैदा हो गया। हालांकि, चुनाव आयोग के फैसले को अभी तक आधिकारिक नहीं बताया गया है, लेकिन चर्चा है कि चुनाव आयोग ने खनन पट्टे के संबंध में एक विधायक के रूप में मुख्यमंत्री की अयोग्यता की सिफारिश की है।
पशु तस्करी मामला : जेएचएम ग्रुप मुख्यालय पर सीआईडी का छापा
बंगाल के बेंटिंक स्ट्रीट स्थित जेएचएम समूह के मुख्य दफ्तर पर सीआईडी ने पशु तस्करी मामले में छापा मारा। जेएचएम समूह इनामुल हक के भतीजे हुमायूं कबीर, जहांगीर आलम और मेहदी हसन से संबंधित है। सीआईडी ने बताया कि ये छापे बुधवार को मारे गए और दफ्तर को सील कर दिया गया है। ईडी ने 18 फरवरी को इनामुल हक को गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
इस मामले में अब तक कुल 11.67 करोड़ की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। ईडी ने अब तक 418 करोड़ रुपये की आपराधिक आय का पता लगाया है। सीबीआई विशेष अदालत ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस बीरभूम जिला अध्यक्ष अणुव्रत मंडल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी मंडल को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था।
दूध खरीद 5 साल में तीन गुना बढ़कर 18,000 करोड़
किसानों के स्वामित्व वाली उत्पादक कंपनियों की दूध की खरीदारी पांच साल में तीन गुना से अधिक बढ़कर 18,000 करोड़ रुपये पर पहुंचेगी। इन कंपनियों ने पिछले वित्त वर्ष में 5,575 करोड़ रुपये का दूध खरीदा था। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के चेयरमैन मीनेश शाह ने कहा, हम अपनी इकाई एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के जरिये देशभर में और अधिक दूध उत्पादक कंपनियों की स्थापना में मदद की कोशिश करेंगे।
फिच ने विकास दर को घटाकर 7 फीसदी किया
फिच रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष के लिए देश की आर्थिक वृद्धि दर अनुमान को घटाकर 7 फीसदी कर दिया है। इससे पहले जून में 7.8 फीसदी वृद्धि का अनुमान लगाया था। एजेंसी ने रिपोर्ट में कहा, वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सुस्ती है और महंगाई के साथ ब्याज दरें लगातार ऊपर जा रही हैं। इसलिए विकास दर में कटौती की गई है। फिच ने कहा, वित्त वर्ष 2024 में जीडीपी की वृद्धि दर 6.7 फीसदी रह सकती है। पहले 7.4 फीसदी का अनुमान था।
इस माह महंगा होगा कर्ज एसबीआई ने बढ़ाया ब्याज
आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक से पहले ही कर्ज महंगा शुरू हो गया है। इससे इस महीने के अंत में ग्राहकों को कर्ज पर ज्यादा ब्याज चुकाना होगा। एसबीआई ने अपने बेंचमार्क प्राइम लेंडिंग रेट (बीपीएलआर) में 0.7 फीसदी का इजाफा कर दिया है। इसकी नई दर 13.45 फीसदी होगी जो पहले 12.75 फीसदी हुआ करती थी। इस फैसले से उन ग्राहको को ज्यादा ब्याज चुकाना होगा जो पुनर्भुगतान करेंगे और जिनका कर्ज बीपीएलआर से जुड़ा है। नई दर 15 सितंबर से लागू है।
मूल दर में भी बढ़ोतरी
बैंक ने मूल दर (बेस रेट) में भी बढ़ोतरी कर दी है, जो अब 8.7% होगी। बेस रेट कर्ज लेने वालों की किस्त भी बढ़ेगी। ज्यादातर बैंक ईबीएलआर या आरएलएलआर पर कर्ज देते हैं। बैंक हर तिमाही के दौरान दरों की समीक्षा करते हैं।
अहमदाबाद में मेडिकल कॉलेज को मिला नरेंद्र मोदी का नाम
भाजपा शासित अहमदाबाद म्युनिसिपल कारपोरेशन (एएमसी) के शिक्षा ट्रस्ट द्वारा संचालित एक मेडिकल कॉलेज का नाम गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया। मेडिकल एजुकेशन ट्रस्ट (एमईटी) अहमदाबाद के मणिनगर इलाके में कॉलेज चलाता है। नगर निगम के अध्यक्ष हितेश बरोट ने कहा, अब शहर के मणिनगर इलाके में एएमसी संचालित एलजी अस्पताल के परिसर से चलने वाले एएमसी एमईटी मेडिकल कॉलेज को नरेंद्र मोदी मेडिकल कॉलेज के नाम से जाना जाएगा।
कोयला तस्करी मामले में भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी को समन
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी को कोयला तस्करी मामले की जांच के संबंध में सीआईडी ने समन भेजा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि सीआईडी ने पूछताछ के लिए तिवारी को शुक्रवार को शहर में उसके अधिकारियों के समक्ष पेश होने को कहा है। आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व महापौर तिवारी ने नोटिस मिलने की पुष्टि की है। वह 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे।
428 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में पीएसएल ग्रुप के खिलाफ केस
सीबीआई ने पीएसएल समूह और उसके निदेशकों के खिलाफ केनरा बैंक के साथ कथित तौर पर 428.50 करोड़ की धोखाधड़ी को लेकर मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने बृहस्पतिवार को मुंबई व गुजरात में सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। सीबीआई ने मामले में कंपनी के अलावा इसके निदेशक अशोक योगेंद्र पुंज, राजेंद्र कुमार बाहरी, चितरंजन कुमार, जगदीश चंद्र गोयल और आलोक योगेंद्र पुंज को भी आरोपी बनाया है।
महामारी के बाद 23 सितंबर से फिर खुलेगा भारत-भूटान सीमा द्वार
असम सीमा के साथ लगे समदरुप झोंगखर और गेलेफू में भारत-भूटान सीमा द्वार 23 सितंबर को कोविड -19 महामारी के बाद एक बार फिर से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। गृह और सांस्कृति मामलों के मंत्रालय के हिमालयी राजशाही के निदेशक (कानून-व्यवस्था) ताशी पेंजोर के नेतृत्व में भूटान के प्रतिनिधिमंडल और बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के बीच बुधवार को बैठक के बाद इस बारे में घोषणा की गई। करीब ढाई साल के बाद सीमा द्वार को खोला जाएगा। पेंजोर ने कहा, कोविड -19 परिदृश्य में सुधार हुआ है, भूटान सरकार ने 23 सितंबर से व्यापार, वाणिज्य और आधिकारिक आवाजाही के लिए अपनी सीमाओं को फिर से खोलने की घोषणा की है, बशर्ते कि महामारी की स्थिति खराब न हो।
कजाखस्तान में धर्मों के बाजार से बचें पोप : बिशप श्नाइडर
बृहस्पतिवार को पोप फ्रांसिस ने कजाखस्तान के अनेक बिशप और पादरियों को पुरानी यादों को हवा नहीं देने के प्रति चेताया। दरसअल उनके एक आलोचक ने ऐसा ही कुछ करते हुए चेताया था कि एक अंतरधार्मिक सम्मेलन में फ्रांसिस की भागीदारी ‘धर्मों के सुपरमार्केट’ (धर्मों के बाजार) को पोप का सीधा समर्थन हो सकती है। अस्ताना के सहायक बिशप एथेनासियस श्नाइडर की ओर से इसी तरह की एक चेतावनी जारी की गई है जिन्हें फ्रांसिस का मुखर आलोचक माना जाता है।
पोप फ्रांसिस ने कजाखस्तान में अपनी यात्रा के तीसरे और आखिरी दिन की शुरुआत बिशप, पादरियों और अनेक नन से मुलाकात के साथ की। बाद में उन्हें सरकार द्वारा प्रायोजित एक अंतरधार्मिक सम्मेलन को संबोधित करना है जिसमें वह इस बात पर जोर दे सकते हैं कि युद्ध को जायज ठहराने के लिए कभी धर्म का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने पादरियों से आग्रह किया कि वे गिरजाघरों के छोटे आकार में खुशी खोजें।
अमेरिका में ईरान के तीन नागरिकों पर हैकिंग के आरोप तय
अमेरिका के न्याय मंत्रालय ने कहा है कि ईरान के तीन नागरिकों पर देश में रैंसमवेयर हमले करने के आरोप लगाए गए हैं। उन पर बिजली कंपनियों, स्थानीय सरकारों, छोटे कारोबारों और घरेलू हिंसा के पीड़ितों के एक आश्रय गृह समेत कई गैर-लाभकारी संगठनों को निशाना बनाने का आरोप है। मंत्रालय ने कहा कि हैकिंग के संदिग्धों पर अमेरिका और दुनियाभर में सैकड़ों संस्थाओं को निशाना बनाने, आंकड़े चुराने तथा फिरौती न देने पर डाटा सार्वजनिक करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
कुछ मामलों में पीड़ितों ने फिरौती भी दी है। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने बोस्टन के एक बाल चिकित्सालय में किए जाने वाले साइबर हमले को रोक दिया था। आरोप है कि ईरान प्रायोजित हैकरों ने अस्पताल पर साइबर हमला करने की कोशिश की थी। एफबीआई निदेशक क्रिस्टोफर रे ने कहा, देश में साइबर हमले का खतरा हर दिन जटिल होता जा रहा है। इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते।