महानगर पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने भारत-नेपाल बॉर्डर से बांग्लादेश के आतंकी संगठन अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) के एक और संदिग्ध कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ ने नेपाल के सीमावर्ती इलाके से ओमर फारूक उर्फ मोहम्मद आफताब खान को उस समय गिरफ्तार किया जब वह नेपाल भागने का प्रयास कर रहा था।
एसटीएफ ने खान और उसके दो अन्य सहयोगियों (सपन विश्वास उर्फ तमीम और नयन गाजी उर्फ जफर) की सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की थी। खान की गिरफ्तारी के साथ ही कोलकाता पुलिस के हाथों गिरफ्तार उक्त आतंकी संगठन के सदस्यों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पढ़ें-बांग्लादेश में कार्रवाई के दौरान तीन आतंकियों ने खुद को जलाया
एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि पहले गिरफ्तार हो चुके चार संदिग्ध आतंकियों से मिली सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा पर स्थित एक ठिकाने से खान को पकड़ा गया। संदिग्धों के कब्जे से हथियार और आधार कार्ड समेत कई फर्जी पहचान पत्र बरामद किए गए थे। आरोपी खान संगठन में विस्फोटक विशेषज्ञ के तौर पर काम करता था।
सूत्रों ने बताया कि आफताब मोहम्मद शहादत हुसैन की सहायता से बांग्लादेश से भारत में घुसा था। शहादत को पिछले हफ्ते एसटीएफ ने महानगर से गिरफ्तार किया था। भारत पहुंचने के बाद आफताब तमीम के साथ कुछ दिनों तक हावड़ा के एक होटल में रुका था।
कई ब्लागरों-लेखकों की हत्या में संलिप्तता का संदेह
पुलिस के मुताबिक, बांग्लादेश में कई ब्लागरों और लेखकों की हत्या में इन आतंकियों के हाथ होने का संदेह है। बता दें कि एसटीएफ ने पिछले हफ्ते एबीटी के दो संदिग्ध आतंकियों (शमशाद मियां और रिजाउल इस्लाम) को हथियारों के कथित आपूर्तिकर्ता मनोतोष-दे के साथ कोलकाता रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था।