आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। आईएमडी ने कहा कि इसके अगले 24 घंटे में और गहरे दबाव में बदलने की संभावना है। यह चक्रवाती तूफान का आकार भी ले सकता है। आईएमडी के चक्रवात चेतावनी विभाग ने कहा कि यह तूफान 2 दिसंबर को तमिलनाडु में पहुंच सकता है। यह तीन दिसंबर की सुबह करीब के पश्चिमी इलाकों की ओर बढ़ सकता है और उसके बाद कोमोरिन क्षेत्र में पहुंच सकता है।इसके चलते तमिलनाडु, पुदुच्चेरी और कराइकल में 3 दिसंबर तक भारी बारिश हो सकती है।
बता दें कि पिछले सप्ताह ‘बहुत भीषण चक्रवाती तूफान’ निवार तमिलनाडु के तट से टकराया था। राज्य में सुरक्षा उपायों के तहत करीब ढाई लाख लोगों को आश्रय शिविरों में ठहराया गया। तूफान से किसी की जान जाने की कोई खबर नहीं है।