प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे ने हाथरस की हैवानियत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि यह घटना केवल एक लड़की की हत्या नहीं है बल्कि मानवता की हत्या है। इस मामले में दुष्कर्मियों को तत्काल फांसी दी जानी चाहिए। अन्ना ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर निशाना साधा है।
उत्तर प्रदेश में महिला पर सामूहिक अत्याचार के मामले में अन्ना ने बयान जारी कर कहा कि हाथरस की घटना मानवता पर कलंक है। भारत ऋषि-मुनियों का देश है। भारत की संस्कृति दुनिया में श्रेष्ठ है। इस तरह की घटनाओं से देश का मान घटता है। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन पर प्रदेश की कानून व्यवस्था का भार है वह असफल साबित हो रहे हैं। यह चिंता की बात है, इसलिए दोषियों को तत्काल फांसी पर लटकाया जाना चाहिए।