सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की बायोपिक बन कर तैयार है। ‘अन्ना: किसन बाबूराव हजारे’14 अक्तूबर को देश भर में रिलीज होगी। पद्म श्री, पद्म भूषण से सम्मानित अन्ना पर फिल्म निर्देशक शशांक उदापुरकर ने बनाई है।
वही अन्ना के रोल में दिखेंगे। शशांक का लुक अन्ना जैसा है। वह जब अन्ना हजारे से मिलने जाते हैं तो हजारे उन्हें देखते ही कहते हैं, ‘लो अन्ना आ गए।’ फिल्म का टीजर पिछले हफ्ते आया है।
शशांक ने अमर उजाला से बातचीत में कहा, ‘अन्ना भ्रष्टाचार के विरुद्ध दिल्ली के रामलीला मैदान में (2011) जिस तरह निर्णायक लड़ाई के लिए डट गए थे, उसने लाखों लोगों के साथ मुझे भी उनकी तरफ आकर्षित किया।’ कुछ मराठी फिल्में बना चुके इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर शशांक के अनुसार, ‘तभी मैंने तय किया कि मुझे अन्ना पर फिल्म बनानी है।’