महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख आज (14 अप्रैल) सीबीआई दफ्तर पहुंच गए हैं। उनसे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पूछताछ की जाएगी। जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को भ्रष्ट्राचार के आरोपों का जवाब देने के लिए बुलाया है। इस पूछताछ के दौरान सीबीआई के अधिकारी उनसे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह और निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे द्वारा लगाए गए आरोपों के सिलसिले में सवाल-जवाब करेंगे।
बता दें कि दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटकों के साथ एसयूवी मिलने के मामले में सहायक पुलिस निरीक्षक वाजे जांच के दायरे में हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा देशमुख को जांच में शामिल होने का नोटिस सोमवार की सुबह जारी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि एक दिन पहले उनके दो सहयोगियों संजीव पलांदे और कुंदन ने एजेंसी के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए। सिंह द्वारा देशमुख के खिलाफ लगाए गए आरोपों की प्रारंभिक जांच सीबीआई कर रही है। मुंबई पुलिस के आयुक्त पद से हटाए जाने के बाद सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
उन्होंने बताया कि आरोपों का कथित तौर पर मिलान वाजे ने किया, जो राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की हिरासत में हैं। एसयूवी मामले की जांच एनआईए कर रही है। बंबई उच्च न्यायालय ने पिछले हफ्ते सीबीआई को निर्देश दिया था कि वह सिंह द्वारा देशमुख के खिलाफ लगाए गए आरोपों की प्रारंभिक जांच करे। अधिकारियों ने कहा कि सिंह ने पत्र लिखकर कहा था कि देशमुख ने वाजे से मुंबई के बार और रेस्तरां से कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये की राशि उगाहने के लिए कहा था।