पिछले सप्ताह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए केरल कांग्रेस के पूर्व नेता अनिल एंटनी ने बुधवार को कांग्रेस के एक नेता पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक टी सिद्दकी मुझे अनफॉलो करने के लिए कह रहे हैं। केरल इकाई में कांग्रेस के पिछड़ने की यही एक वजह है। वह असलियत से दूर हो चुके हैं।
गौरतलब है, केरल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष टी. सिद्दीकी ने मंगलवार रात को एक ट्वीट किया था कि कांग्रेस के सभी नेता और समर्थक अनिल एंटनी को ट्विटर पर अनफॉलो कर दो। मैं भी उन्हें अनफॉलो कर रहा हूं।
अनिल का कटाक्ष
इस पर अनिल एंटनी ने कहा कि आमतौर पर लोग विचारों को जानने के लिए ट्विटर पर आते हैं। वह अलग-अलग विषय पर जानकारी हासिल करने के लिए, राय बनाने के लिए लोगों को फॉलो करते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि जब आप अलग-अलग विचारों वाले सभी लोगों को अनफॉलो कर देते हैं। सिर्फ अपने जैसे विचार वालों की ही सुनते हैं तो आप ऐसे माहौल में पहुंच जाते हैं, जो असलियत से कटा हुआ होता है। जो केरल कांग्रेस की मौजूदा हालत की एक मुख्य वजह है।
पिछले सप्ताह ही बीजेपी में हुए हैं शामिल
कांग्रेस की कई सामाजिक पहलों और डिजिटल अभियानों से जुड़े रहे अनिल एंटनी पिछले सप्ताह भाजपा में शामिल हो गए थे। इस मौके पर उन्होंने कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व से प्रभावित हैं। अनिल एंटनी ने वर्ष 2002 के गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित बीबीसी की डॉक्यूमेंटरी फिल्म पर उपजे विवाद के बाद जनवरी में कांग्रेस छोड़ दी थी।
अनिल एंटनी ने कहा था कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मानता है कि वह एक परिवार के लिए काम कर रहा है, लेकिन मेरा मानना है कि मैं देश के लिए काम कर रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास दुनिया में भारत को आगे ले जाने के लिए बेहद स्पष्ट दृष्टिकोण है।
अनिल एंटनी के पिता और पूर्व रक्षामंत्री एके एंटनी ने अनिल के फैसले पर नाराजगी और निराशा व्यक्त की थी। साथ ही इसे 'गलत निर्णय' और अपने लिए 'बेहद दर्दनाक' पल करार दिया था।