भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने की दिशा में एक ओर पहल करते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन रेड्डी ने सोमवार को 14400 हेल्पलाइन नंबर जारी किया। लोग इस नंबर पर सरकारी विभागों में रिश्वत, भ्रष्टाचार आदि की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
जगन ने कॉल सेंटर पर फोन लगाकर इसके काम करने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोग सीधे हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर किसी भी सरकारी विभाग के भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत की 15 से 30 दिन के अंदर जांच की जाएगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह खुद भ्रष्टाचार की शिकायतों पर नजर रखेंगे। आंध्र प्रदेश की सत्ता में आने के बाद से जगन भ्रष्टाचार खत्म करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई आक्रमक तरीके से लड़ी जानी चाहिए।