आंध्र प्रदेश में मंदिर में लगी आग।
- फोटो : Social Media
गुरुवार को आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले में एक भीषण हादसा हो गया। दरअसल रामनवमी के मौके पर तनुकु मंडल में स्थित वेणुगोपाल स्वामी मंदिर में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। दरअसल आग भड़कने से पहले ही श्रद्धालुओं को मंदिर से सुरक्षित निकाल लिया गया। खबर के अनुसार, रामनवमी के मौके पर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में टेंट लगाया गया था।
आतिशबाजी के दौरान एक पटाखा टेंट पर आकर गिरा, जिससे आग लग गई। आग ने तेजी से पूरे टेंट को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि समय रहते लोगों को सुरक्षित मंदिर से बाहर निकाल लिया गया। आग की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान आग ने पूरे मंदिर को अपनी चपेट में ले लिया था।