आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में पीड़ितों के परिजनों से मिलने पहुंचे चंद्रबाबू नायडू।
- फोटो : ANI
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में बुधवार को तेलुगुदेशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू की सभा के दौरान भगदड़ मचने से आठ लोगों की मौत हो गई। इस दुखद वाकये पर चंद्रबाबू ने दिख जताया है। उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें इस हादसे में जान गंवाने वालों के लिए दुख है। चंद्रबाबू इसी के साथ मृतकों के परिजनों से भी मिलने पहुंचे।
बताया गया है कि नेल्लोर के कुंदुकुर में आयोजित नायडू की सभा के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई थी। इसके बाद अचानक ही सभा में भगदड़ मच गई। इसमें तेदेपा के आठ कार्यकर्ताओं की जान चली गई थी। नायडू ने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने और उनके बच्चों को एनटीआर ट्रस्ट शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाने की घोषणा की थी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान किया था। वहीं, आंध्र प्रदेश के सीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद करेंगे कार्रवाई
दूसरी तरफ इस घटना को लेकर पुलिस का भी बयान आया है। नेल्लोर के एसपी विजय राव ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जल्द ही हम इस मामले की वजह पता लगा लेंगे। हो सकता है कि यह सभा में भारी भीड़ की वजह से हुआ हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स मिलने के बाद हम आगे की जांच करेंगे।