आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में अलग-अलग सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई। आंध्र की घटना पालनाडु जिले और महाराष्ट्र की दुर्घटना सांगली में हुई। जानकारी के मुताबिक, पालनाडु जिले के एक गांव में एक ऑटोरिक्शा और तेज रफ्तार ट्रक में टक्कर हो गई। इस घटना में छह महिला मजदूरों की मौत और अन्य के घायल होने की सूचना मिली है। यह घटना आज सुबह की है, जब महिलाएं तेलंगाना से राज्य के पलनाडू जिले के पुलीपाडु गांव में मिर्च की फसल लेने जा रही थीं। इसी दौरान लखनऊ से आ रही निंबू से भरी ट्रक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी।
गुराजाला अनुमंडल पुलिस अधिकारी ए पल्लपु राजू ने कहा कि घायलों को तेलंगाना के मिर्यालागुदा के अस्पताल में भर्ती किया गया है और फिलहाल उनका इलाज जारी है। मरने वाली सभी छह महिलाएं ऑटोरिक्शा में यात्रा करने वाले 12 सदस्यीय दल का हिस्सा थी। आईपीसी की धारा 304 (ए) और 337 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने महिलाओं की मौत पर शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने निर्देश दिया कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। राज्य मंत्री जी जगदीश रेड्डी के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
सांगली जिले में एसयूवी-ट्रैक्टर की टक्कर
इस बीच पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में बुधवार सुबह एसयूवी की ट्रैक्टर से टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे रत्नागिरी-पंढरपुर मार्ग पर मिराज के पास हुई। मरने वालों में एक 12 वर्षीय लड़का और एक महिला शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार एसयूवी के दो और यात्रियों का मिराज सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसयूवी कोल्हापुर से रत्नागिरी की ओर जा रही थी। ट्रैक्टर में ईंटें लदी हुई थीं। इसके चालक को लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।