आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि भविष्य अलग होगा और केवल भारत ही वैश्विक समुदाय को सेवाएं दे सकेगा। उन्होंने यह बात विशाखापट्टनम में आयोजित ‘राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कही। नायडू ने बताया कि कई देशों के पास तकनीक तो है लेकिन वहां जनसंख्या संकट के कारण लोग नहीं हैं, जबकि भारत के पास सबसे बड़ी आबादी है जो उसकी ताकत बनेगी।
नायडू ने कहा कि यूरोप, जापान और कई अन्य देश तेजी से वृद्धावस्था संकट से जूझ रहे हैं। उनके पास नर्स, डॉक्टर और तकनीक चलाने वाले लोग नहीं हैं। वहीं भारत में 143 करोड़ की आबादी है, जो सबसे बड़ी ताकत है। चीन की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि चीन की जनसंख्या केवल 130 करोड़ है जबकि भारत एक बड़ा बाजार है।
‘स्वदेशी आंदोलन’ पर पीएम मोदी की सराहना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ‘स्वदेशी आंदोलन’ का जिक्र किया है। अगर हम पहले स्वदेशी पर ध्यान दें और बड़े ब्रांड्स बनाएं, फिर विस्तार करें, तो भारत दुनिया की मांग भी पूरी कर सकेगा। नायडू ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा।
ये भी पढ़ें- सीएम स्टालिन बोले- मुस्लिमों के अधिकारों की रक्षा करेगी DMK, वक्फ कानून-तीन तलाक पर भाजपा को घेरा
क्वांटम कंप्यूटर में आंध्र की पहल
नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश में क्वांटम कंप्यूटर उत्पादन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। आईबीएम और टीसीएस जैसे बड़े खिलाड़ी इस पहल से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि “हमने पहल की है, और अब दो साल के भीतर भारत क्वांटम कंप्यूटर बनाएगा और उन्हें घरेलू और वैश्विक जरूरतों के लिए उपलब्ध कराएगा।”
भारत बनेगा क्वांटम वैली
नायडू ने अमेरिका के सिलिकॉन वैली की तुलना करते हुए कहा कि भारत के पास “क्वांटम वैली” है और वह अमरावती है। जनवरी तक भारत क्वांटम कंप्यूटिंग देशों की सूची में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया में केवल छह से सात देशों के पास ही यह क्षमता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग का संयोजन आने वाले समय में भारत को तकनीकी शक्ति बनाएगा।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने अरुणाचल को दी 5100 करोड़ की सौगात, बोले- पूर्वोत्तर के राज्य हमारे लिए अष्टलक्ष्मी
नई तकनीक से बदलेगा भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 10 साल बेहद महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन और क्वांटम कंप्यूटिंग सरकारों की सोच और काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल देंगे। उन्होंने कहा कि 2047 अब ज्यादा दूर नहीं है और भारत उस समय तक नंबर वन देश बन सकता है।
पीएम मोदी को सही नेता बताया
नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें सही समय पर सही स्थान पर मौजूद नेता बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी तकनीक की ताकत को समझते हैं और उसका इस्तेमाल देश को आगे ले जाने में कर रहे हैं।