अनंतपुर जिले के राप्टाडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक व्यक्ति ने पेड़ काटने वाली आरी से 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर भीषण हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी आरी लेकर 10वीं कक्षा में घुसा और छात्रा पर बेरहमी से हमला कर दिया। इससे वहां मौजूद अन्य छात्र दहशत में आ गए।
आरोपी ने छात्रा के चेहरे पर बुरी तरह हमला किया और उसके सिर तथा पीठ पर भी गंभीर चोटें पहुंचाई। इस दौरान एक अन्य छात्रा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह भी घायल हो गई।
ये भी पढ़ें: पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंत: केरलम में पत्नी पर जानलेवा हमला कर पति ने खुद को मारी गोली; पुलिस ने क्या कहा?
हमले के बाद आरोपी भागा, अब पुलिस की गिरफ्त में
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि छात्रा कक्षा के अंदर खून से लथपथ पड़ी रही। हमला होते देख वहां मौजूद छात्र और शिक्षक तुरंत हरकत में आए और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। स्कूल के शिक्षकों और छात्रों ने घायल छात्रा को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर खोजबीन शुरू की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हिंसक घटना से छात्र, शिक्षक और अभिभावक गहरे सदमे में हैं और स्कूल में भारी दहशत का माहौल है।
जांच में क्या जानकारी सामने आई?
शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी छात्रा का दूर का रिश्तेदार था और काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। जब छात्रा ने उसे दूर रहने की चेतावनी दी और कहा कि वह उसके बर्ताव की शिकायत अपने माता-पिता से करेगी। इससे आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। इसी के चलते उसने सरकारी स्कूल की कक्षा के अंदर छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने क्या निर्देश दिया?
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को अनंतपुर जिले के राप्टाडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में हुई इस क्रूर वारदात पर गहरा दुख और हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि कक्षा 10 की एक छात्रा पर उसकी क्लास के अंदर हुए बर्बर हमले से मैं गहरे सदमे में हूं और बेहद गुस्से में हूं। जो हमलावर स्कूलों के अंदर हमारी बच्चियों को निशाना बनाते हैं, उनके लिए हमारे समाज में कोई जगह नहीं है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: सूखे से चारे की कमी, सरकारी योजनाओं के लिए जिला फंड का हिस्सा तय, कलेक्टरों को क्या निर्देश मिला?
उन्होंने कहा कि मैं खुद उसके ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रहा हूं और मेडिकल टीम को निर्देश दिया है कि उसे सबसे बेहतर इलाज और देखभाल दी जाए। मैंने पुलिस को आदेश दिया है कि इस घिनौने अपराध के जिम्मेदार दरिंदे को जल्द से जल्द ढूंढ़ निकाला जाए और उसे कड़ी से कड़ी कानूनी सजा दिलाई जाए।