कोरोनावायस के भारत में अब तक 600 से भी ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में यह संक्रमण और न फैले इसके लिए सरकार की तरफ से पूरे देशभर में लॉक डाउन कर दिया गया है। हालांकि, इस बीच कुछ ऐसे भी मामले सामने आ रहे हैं जो हैरान करने वाले हैं। दरअसल महाराष्ट्र के थाणे शहर में 40 साल के एक व्यक्ति ने खुद को COVID-19 से ग्रसित बताया जो बाद में झूठ साबित हुआ है।
दरअसल मामला यह है कि 40 साल के इस व्यक्ति ने कथित तौर पर व्हाट्सएप ग्रुप पर एक मैसेज पोस्ट किया था। इस मैसेज में इस व्यक्ति ने लिखा था कि उसने कोरोनोवायरस संक्रमण को लेकर एक अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) किया था। ऐसे में जब तक उनकी हालत नहीं बिगड़ती, तब तक उसे अस्पताल में भर्ती होने की इच्छा नहीं है।
इसके बाद यह मैसेज पुलिस की नजर में आया, तो एक मेडिकल टीम जांच के लिए तुरंत उस व्यक्ति के घर पहुंची। हालांकि, जांच करने में यह पाया गया कि वह व्यक्ति झूठ बोल रहा था।
इस पूरे मामले पर पुलिस ने व्यक्ति पर भारतीय पीनल कोड के तहत IPC की धारा 505 (सामाजिक शरारत) लगाया है। हालांकि, अब तक इस मामले पर कोई भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। यहां आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सोशल मीडिया पर कोरोनावायरस या COVID-19 से जुड़ी किसी भी अफवाह पर पुलिस की कड़ी नजर है, जहां ऐसा करने वाले के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है।
कोरोनावायरस महामारी से देशभर में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस की चपेट में अब तक 659 लोग आ चुके हैं। हालांकि, इस बीच एक राहत वाली खबर यह है कि अब तक कोरोनावायरस से संक्रमित 43 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। ऐसे में सरकार और प्रशासन लगातार लोगों से घरों में रहने और सावधानी बरतने की अपील कर रही है।