कर्नाटक में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सियासी चहलकदमी तेज हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस यहां कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कर्नाटक के दौरे पर हैं, वहां वह जागृति यात्रा कर रहे हैं। जागृति यात्रा के तहत शाह मैसूर, चामराजनगर, मांड्या और रामानगर में लोगों से मुलाकात करेंगे। अपनी यात्रा की कड़ी में अमित शाह आज मैसूर में हैं। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान कर्नाटक में बीजेपी और आरएसएस के कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। 24 लोगों की हत्या हुई लेकिन पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया।
उन्होंने कहा कि
कर्नाटक में हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। शाह के मुताबिक अब सिद्धारमैया की सरकार का अंतिम समय आ रहा है। अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो हम आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने जुबान फिसलने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि गलती से मैंने सिद्धारमैया सरकार की जगह येदियुरप्पा सरकार को भ्रष्टाचारी कह दिया तो कांग्रेस पार्टी उत्सव मनाने लगी। मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि मुझसे गलती हो सकती है लेकिन कर्नाटक के लोग गलती नहीं करेंगे।
आपको बता दें कि शाह ने
लिंगायत समुदाय के प्रमुख धार्मिक स्थल सुत्तूर मठ का भी दौरा किया। इसके अलावा शाह ने मैसूर के पूर्व शासक के परिवार से भी मुलाकात की थी।