केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शाम से शुरू करके अगले दो दिनों तक चार राज्यों का दौरा करेंगे। बता दें कि गृहमंत्री 10 जून से 11 जून तक गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश का दौरा करेंगे। अपने दौरे में अमित शाह कई राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। अमित शाह के दौरे की शुरुआत शुक्रवार शाम से होगी, जिसके तहत वह गुजरात जाएंगे और 11 जून की रात में वापस दिल्ली लौटेंगे।
ऐसा रहेगा कार्यक्रम
अमित शाह के कार्यक्रम के तहत वह शुक्रवार की शाम गुजरात के अहमदाबाद जाएंगे, जहां वह कई राजनीतिक बैठकों में शामिल होंगे। शनिवार दोपहर में अमित शाह महाराष्ट्र के नांदेड़ के लिए रवाना होंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह की यह रैली नांदेड़ में भाजपा के महीने भर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। नांदेड़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण का गढ़ माना जाता है। मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अमित शाह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों से करेंगे मुलाकात
नांदेड़ सिखों के लिए भी पवित्र स्थल है और यहीं पर गुरु गोबिंद सिंह ने अपने जीवन का आखिरी समय व्यतीत किया था। अमित शाह यहां नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे। शनिवार रात में ही अमित शाह चेन्नई पहुंचेंगे और 11 जून को चेन्नई में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न राजनीतिक बैठकों में शामिल होंगे। तमिलनाडु के वेल्लोर में भी अमित शाह एक रैली को संबोधित करेंगे। तमिलनाडु भाजपा, मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 66 जनसभाएं करेगी और यह जनसभाएं एक महीने तक चलेंगी। अमित शाह की वेल्लोर रैली भी इन जनसभाओं का ही हिस्सा होगी।
11 जून को ही गृहमंत्री अमित शाह आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जाएंगे, वहां भी वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद देर शाम तक वह दिल्ली लौट आएंगे।