केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को तमिलनाडु में सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर तीखा हमला किया और उसके नेताओं पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'भ्रष्टाचार के मामलों में डीएमके के सभी नेताओं के पास मास्टर डिग्री है।
तमिलनाडू के कोयंबटूर, तिरुवन्नामलाई और रामनाथपुरम में भाजपा जिला कार्यालयों के उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, '2025 की शुरुआत दिल्ली की विजय से हुई है और 2026 तमिलनाडु में एनडीए की सरकार के साथ समाप्त करेंगे... समय आ गया है कि तमिलनाडु में डीएमके की देशविरोधी सरकार को समाप्त कर दिया जाए... सभी लोग तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनाने के लिए अपनी कमर कस लें... तमिलनाडु में बनने वाली सरकार एक नए युग की शुरुआत करेगी। यहां भाई-भतीजावाद की दुकान समाप्त होगी और यहां हमेशा के लिए भ्रष्टाचार समाप्त हो जाएगा'।
विज्ञापन
सीएम स्टालिन के आरोपों को किया खारिज
गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि, उनके नेताओं में से एक नकदी-के-लिए-नौकरी मामले में उलझा हुआ है, दूसरा मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध रेत खनन में शामिल है, और तीसरा आय से अधिक संपत्ति से संबंधित आरोपों का सामना कर रहा है।' तमिलनाडु को केंद्रीय निधि से वंचित किए जाने के सीएम एमके स्टालिन के आरोपों को खारिज करते हुए अमित शाह ने कहा, 'एमके स्टालिन के बयान में कोई सच्चाई नहीं है। मोदी सरकार ने पिछले पांच सालों में तमिलनाडु को 5 लाख करोड़ रुपये दिए हैं।'
'असली अन्याय यूपीए शासन के दौरान हुआ था'
उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री अक्सर दावा करते हैं कि राज्य को केंद्र के हाथों अन्याय का सामना करना पड़ा है। हालांकि, यूपीए और एनडीए के तहत वितरित धन की तुलना से पता चलता है कि असली अन्याय यूपीए शासन के दौरान हुआ था।' डीएमके का मजाक उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को एमके स्टालिन की पार्टी के सदस्यता अभियान में शामिल होना चाहिए।