फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमित शाह बोले- रुपये की गिरावट और तेल के बढ़ते दामों का जल्द तलाशेंगे हल

Sun, 16 Sep 2018 02:21 AM IST
एजेंसी, हैदराबाद
विज्ञापन
Amit Shah
विज्ञापन
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी शनिवार को रुपये में लगातार आ रही गिरावट और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के लिए अंतरराष्ट्रीय कारणों को जिम्मेदार ठहराया। लेकिन साथ ही शाह ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार जल्द ही इस समस्या का हल तलाश लेगी।
विज्ञापन


अमित शाह ने कहा, भाजपा और केंद्र सरकार, दोनों ही पेट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों और रुपये में डॉलर के मुकाबले आ रही गिरावट के कारणों पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, इसके लिए अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वार तथा अमेरिका और तेल उत्पादक देशों के बीच मतभेद जैसे वैश्विक स्तर पर हो रहे कुछ बदलाव जिम्मेदार हैं। लेकिन जल्द ही इसका हल तलाश लिया जाएगा। हालांकि शाह ने ये दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का अन्य देशों की करेंसियों के मुकाबले रुपये पर प्रभाव बेहद कम रहा है। बता दें कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने 10 सितंबर को तेल के बढ़ते दामों और रुपये में गिरावट को लेकर देशव्यापी बंद का आह्वान किया था।

चंद्रबाबू नायडू के वारंट में भाजपा का हाथ नहीं

महाराष्ट्र की धर्माबाद अदालत की तरफ से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनके कुछ पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ जारी हुए वारंट पर शाह ने कहा कि इसमें भाजपा के हाथ में करने के लिए कुछ भी नहीं था। बता दें कि वर्ष 2010 में विपक्षी नेता के तौर पर नायडू ने आंध्र प्रदेश के  गोदावरी नदी पर बन रही बबली परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इसी मामले में अदालत ने अब वारंट जारी किया है। शाह ने कहा कि 2010 में जब यह मामला अदालत में शुरू हुआ तो आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकारें थीं। अब नायडू इस मुद्दे के जरिए सहानुभूति बटोरने का प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन


तेलंगाना चुनावों में टीआरएस से गठबंधन नहीं करेगी भाजपा

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को तेलंगाना में विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी के प्रचार अभियान का आगाज किया। उन्होंने हैदराबाद से करीब 110 किलोमीटर दूर महबूबनगर में एक जनसभा में कहा कि भाजपा वर्तमान सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के साथ गठबंधन नहीं करते हुए अपने बूते पर ही चुनाव लड़ेगी। 

उन्होंने अन्य किसी दल से भी गठबंधन नहीं करने की बात कहते हुए भाजपा के आगामी चुनाव में निर्णायक पोजिशन में आने की उम्मीद जताई। कांग्रेस के महागठबंधन बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि तेलुगू भाषी जनता अपने नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री अंजैया और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के साथ कांग्रेस की तरफ से किए व्यवहार को नहीं भूली है। उन्होंने 9 महीने पहले विधानसभा भंग करने के लिए टीआरएस के मुखिया के. चंद्रशेखर राव पर भी निशाना साधा। 

उन्होंने एआईएमआईएम पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि इन नए ‘रजाकरों’ के दबाव में ही तेलंगाना सरकार ने 17 सितंबर के समारोह को टाल दिया है। बता दें कि वर्ष 1947 में आजादी मिलने पर तत्कालीन निजाम सैन्य कार्रवाई के बाद 17 सितंबर को ही हैदराबाद रियासत भारत संघ में मिलाने पर सहमत हुए थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें