केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हावड़ा में हुई रैली में दिल्ली से अपने वर्चुअल संबोधन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी प्रमुख ने अपने नेतृत्व में राज्य की जनता के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि ममता ने पश्चिम बंगाल को हर क्षेत्र में पिछड़ा बना दिया है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
कहा, भाजपा सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में आयुष्मान योजना लागू करने पर मुहर
अमित शाह ने ममता के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की भी जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है जबकि ममता दीदी की सरकार भतीजे का कल्याण करने में व्यस्त है। शाह ने कहा कि जिस तरह से बड़ी संख्या में टीएमसी, वामपंथी नेता और कांग्रेस के अच्छे नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं, आप (ममता) पार्टी में अकेली रह जाएंगी और आपके साथ कोई नहीं बचेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने पर पहली की कैबिनेट में बंगाल के सभी गरीबों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देंगे। उन्होंने कहा कि ममता आप राज्य में बदलाव की बयार को बदल नहीं सकतीं। उधर, हावड़ा में रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि टीएमसी में कोई देशभक्त एक मिनट भी नहीं रह सकता, क्योंकि वह जय श्रीराम के नारे का अपमान करती है।
दरअसल शाह को बंगाल दौरे पर जाना था, लेकिन दिल्ली में उग्र हुए किसान आंदोलन और इस्राइली दूतावास पर हमले को देखते हुए अपना बंगाल दौरा रद्द कर दिया था। और उसी दौरे में टीएमसी के कई असंतुष्ट नेताओं को भाजपा में शामिल होना था, लेकिन उनका दौरा टलने के कारण शनिवार को शनिवार को दिल्ली आकर वे नेता शाह के समक्ष भाजपा में शामिल हुए।
28 फरवरी तक टीएमसी में कोई नहीं बचेगा : शुभेंदु अधिकारी
कभी ममजा बनर्जी के खास और अब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर प्रहार करते हुए कि तृणमूल कांग्रेस अब राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनकर रही गई है। उन्होंने दावा किया कि 28 फरवरी तक उसमें कोई नहीं बचेगा।
यहां डुमुरजाला स्टेडियम में आयोजित रैली में शनिवार को टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पांचों नेता राजीब बनर्जी, वैशाली डालमिया, प्रबीर घोषाल, रतिन चक्रवर्ती और रुद्रनील घोष भी मंच पर मौजूद थे। पूर्व मंत्री राजीब बनर्जी ने कहा कि सोनार बांग्ला बनाने के लिए हम पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार चाहते हैं।
हम केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार चाहते हैं। अप्रैल-मई में होने वाले 294 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए हालांकि अभी तारीखों का एलान नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा ने अभी से जबर्दस्त प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।