रैपिड एक्शन फोर्स के स्थापना दिवस पर पहुंचे अमित शाह
- फोटो : ANI
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह त्वरित कार्य बल (आरएएफ) के 27वें स्थापना दिवस पर आयोजित परेड में शामिल होने के लिए अहमदाबाद पहुंच गए हैं। यहां पहुंचकर उन्होंने परेड का निरीक्षण किया इस अर्धसैनिक बल को दंगा रोधी और भीड़ नियंत्रण के कार्य में महारत हासिल है।
आरएएफ के जवानों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, 'आज ही के दिन 1992 में आरएएफ की स्थापना की गई थी। इतने कम समय के अंदर आरएएफ ने देश और दुनिया दोनों मानकों में अपनी विश्वसनियता बनाने में बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। कई जगह जहां दंगे और उपद्रव होते हैं वहां आरएएफ पहुंचने की सूचना मात्र से ही दंगाइयों का बिखरना शुरू होना देश की जनता ने देखा है। कई जगह आरएएफ की उपस्थिति के कारण दंगे होने की शुरुआत ही नहीं हो पाती है।'
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाया जाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन करीब 35,000 जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने राज्य में आतंकवाद से लड़ते हुए अपना जीवन गंवा दिया। उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने (जम्मू-कश्मीर में) अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त कर 35,000 शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।’