केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों के लोगों के मुद्दों पर जल्द स्थायी राजनीतिक समाधान देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि यह समाधान भारत के संविधान के दायरे में होगा। लंबित मुद्दों के निपटारे के लिए केंद्र से पर्याप्त फंड देने का भी आश्वासन दिया गया है।
शनिवार को सिलिगुड़ी में अमित शाह की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। इसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ पहाड़ी इलाकों के विभिन्न संगठनों और अन्य पक्षों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
अलग पहचान और सांविधानिक मान्यता पर हुई चर्चा
गृह मंत्रालय के अनुसार, बैठक में पश्चिम बंगाल के पहाड़ी लोगों से जुड़े सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें अलग पहचान की मांग, स्थायी राजनीतिक समाधान और भारत के संविधान के तहत मान्यता से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। गृह मंत्रालय ने कहा कि अमित शाह ने जल्द स्थायी राजनीतिक समाधान का भरोसा दिया है। उन्होंने समुदाय की अन्य मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की बात कही। शाह ने कहा कि केंद्र से पर्याप्त फंड मिलने पर लंबित मुद्दों को सुलझाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: CAPF: अर्धसैनिक बलों की लंबित मांगों के लिए जंतर-मंतर पर होगी भूख हड़ताल, एक्स पैरा मिलिट्री एसोसिएशन का एलान
पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में बनेगी समिति
बैठक में समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक समिति बनाने का फैसला भी किया गया। इसकी अध्यक्षता पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और मौजूदा वार्ताकार पंकज कुमार सिंह करेंगे। गृह मंत्रालय के मुताबिक, समिति अंतिम समझौते से जुड़े तौर-तरीकों को तय करेगी। यही समिति उस समझौते का ब्योरा अंतिम रूप देगी, जिसे पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों के लोगों के लिए भारत के संविधान के दायरे में स्थायी राजनीतिक समाधान की दिशा में तैयार किया जाएगा।
बैठक में कई राजनीतिक प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में सांसद राजू बिष्ट, सांसद हर्षवर्धन सिंगला, हिल्स मामलों के मंत्री विशाल लामा, जीजेएम नेता बिमल गुरुंग और जीएनएलएफ नेता मान घीसिंग भी मौजूद रहे। इसके अलावा विधायक भरत छेत्री, विधायक सोनम लामा, विधायक नोमान राय, सीपीआरएम नेता जेबी राय, गोरानीमो नेता दावा पाखरीन और सुमेती नेता विकास राय समेत कई अन्य प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
सौहार्दपूर्ण माहौल में खत्म हुई बैठक
गृह मंत्रालय ने बताया कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में समाप्त हुई। विभिन्न संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं ने अमित शाह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को उनके सौहार्दपूर्ण और उदार रुख के लिए धन्यवाद दिया।