केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए आतंकी हमले का जिक्र कर पूर्ववर्ती सरकार को आड़े हाथों लिया। मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान शाह ने कहा कि आज से 12 साल पहले देश में एक ऐसी सरकार थी, जो आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठा पाती थी। उस समय देश में जगह-जगह बम धमाके और आतंकी हमले होते थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पूरी तरह चुप रहते थे और कोई कड़ा फैसला नहीं लेते थे।
मोदी सरकार में बदली भारत की नीति- गृह मंत्री
केंद्रीय गृह मंत्री कहा कि जब साल 2014 में नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने और भाजपा की सरकार आई, तो भारत की नीति पूरी तरह बदल गई। मोदी सरकार के दौरान भी आतंकियों ने उरी, पुलवामा और पहलगाम में बड़े हमले करने की कोशिश की, लेकिन इस बार भारत चुप नहीं बैठा। भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जवाब दिया।
सर्जिकल स्ट्राइक: उरी हमले के बाद सेना ने सीमा पार जाकर आतंकियों के ठिकाने तबाह किए।
एयरस्ट्राइक: पुलवामा हमले के बाद वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी कैंपों पर बम गिराए।
ऑपरेशन सिंदूर: पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया और पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादियों को कड़ा सबक सिखाया।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर अड़े दीपके: शाम पांच बजे खत्म हुई अनुमति, फिर भी धरने पर डटे कॉकरोच; कहा- इस्तीफे तक नहीं हटेंगे
भारतीय सेना को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और आधुनिक बनाया: शाह
अमित शाह ने यह भी दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और आधुनिक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पहले एक समय था जब भारत अपनी जरूरत की एक गोली तक खुद नहीं बना पाता था और हमें दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन आज भारत खुद मिसाइलें बना रहा है और रक्षा के मामले में 'आत्मनिर्भर' बनकर दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है।
'आतंकवाद और नक्सलवाद का हुआ खात्मा'
केंद्रीय गृह मंत्री ने देश की आंतरिक सुरक्षा पर सरकार के रिपोर्ट कार्ड को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में कश्मीर में आतंकवाद पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। देश की सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद के खिलाफ पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर का पूरा इलाका अब पूरी तरह शांत और सुरक्षित हो चुका है। पांच दशक पुरानी नक्सलवाद की गंभीर समस्या अब गुजरे जमाने की बात हो गई है। देश अब नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो चुका है। लद्दाख और लक्षद्वीप से लेकर पूर्वोत्तर और पंजाब तक हर क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो चुकी है।
अंतरिक्ष में फहराया तिरंगा: अमित शाह
अमित शाह ने अंतरिक्ष अनुसंधान और कृषि क्षेत्र में हुए सुधारों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के ऐसे इकलौते प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ अंतरिक्ष विज्ञान में भी देश को ऐतिहासिक सफलता दिलाई। उनके नेतृत्व में ही चंद्रयान को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतारकर दुनिया में भारत का तिरंगा लहराया गया। इसके साथ ही सरकार ने किसानों और पशुपालकों की चिंताओं को दूर करने के लिए सहकारिता मंत्रालय और डेयरी मंत्रालय का गठन किया। इस कदम ने ग्रामीण भारत के विकास को एक नई संजीवनी दी है।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया गया- अमित शाह
गृह मंत्री ने मोदी सरकार के कार्यकाल में लिए गए ऐतिहासिक नीतिगत फैसलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसी कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया गया। साथ ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हुआ। किसानों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में 60,000 करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए सरकार ने 22 किश्तों में कुल 4,28,000 करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए हैं। इसके तहत हर किसान को सालाना 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है।
अमित शाह ने दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं, जो कि सिर्फ एक शुरुआत है। भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन आने वाले कई वर्षों तक देश की सत्ता में बने रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून को कार्यालय में अपने 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। भाजपा साल 2047 तक 'विकसित भारत' के उनके बड़े सपने को पूरी तरह साकार करेगी।