2019 में भाजपा को जीत दिलाकर दोबारा से पीएम मोदी को केंद्र की सत्ता में सवार कराने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लोकसभा की 120 सीटों पर विशेष निगाह गडाई है। ये वो सीटें हैं जहां 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों को सफलता नहीं मिली थी।
शाह ने कहा है कि वे जल्द ही चयनित इन 120 सीटों की सूची सार्वजनिक कर देंगे। ताकि अन्य दल भी हमसे मुकाबले करने को अपनी तैयारी कर लें। बतौर शाह इन 120 सीटों में राजग गठबंधन के सहयोगी दलों की एक भी सीट शामिल नहीं है।
दरअसल, भाजपा आलाकमान भी इस वास्तविकता से बखूबी परिचित है कि वर्तमान की 282 सांसदों में से उसके कुछ उम्मीदवार2019 का लोकसभा चुनाव हार सकते हैं। इसलिए शाह ने इस खामियाजे को भरने की रणनीति बनाई है। मिशन 2019 के लिए विशेष रूप से चयनित 120 सीटों पर उनकी टीम ने पसीना बहाना शुरू भी कर दिया है।
इन सीटों पर भाजपा का आधार मजबूत बनाने के लिए शाह ने केंद्र सरकार के मंत्रियों और पार्टी सांसदों को दौरा करने को कहा है। सरकार के मंत्री और पार्टी के चुनिंदा सांसद अब भाजपा के लिए बंजर भूमि के रूप में पहचाने जाने वाली सीटों पर कमल खिलाने के लिए मेहनत करेंगे।
इन सांसदों और मंत्रियों के मेहनत की निगरानी खुद शाह करेंगे। ताकि कहीें कोई सांसद या मंत्री उनकी रणनीति में पलीता न लगा सकें।