बड़े नोटों पर बैन लगाने के केंद्र सरकार के निर्णय का भाजपा ने जोरदार बचाव किया है। खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए दावा किया कि सरकार के इस निर्णय से आम आदमी को कोई दिक्कत नहीं होगी बल्कि कालाधन करने वालों की कमर टूट जाएगी। शाह ने कहा कि सरकार की तरफ से मैं लोगों को यह विश्वास दिलाता हूं कि इस निर्णय से आम आदमी को कोई दिक्कत नहीं होगी। सरकार हर किसी के हित की रक्षा करेगी। ढाई लाख से कम की जिसके पास भी नकदी है उसे किसी तरह से बैंक में अपना पैसा जमा करने में दिक्कत नहीं होगी।
सरकार ने लोगों की दिक्कत को देखते हुए कई बड़े कदम भी उठाए हैं। जिनमें तीन दिन के लिए पूरे देशभर में टोल टैक्स को फ्री कर दिया गया है। इसके अलावा रेल, बस और तमाम जरूरी सुविधाओं वाली जगह पर अभी भी पुराने नोटों को लेने की व्यवस्था है।
शाह ने कहा एक हफ्ते के भीतर हालात सामान्य हो जाएंगे। जिसके बाद लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। गुरुवार को ही एक दिन में दो करोड़ नोट आम जनता के बीच बदले गए हैं।