केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उनके दौरे में असम और मिजोरम के कई कार्यक्रमों में शामिल होना शामिल है। मिजोरम में असम राइफल्स की इकाई को आइजोल से जोखावसांग शिफ्ट किया जाएगा, जो राजधानी से 15 किलोमीटर दूर है। शाह इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोलाघाट जिले के डेरगांव में नवीनीकृत पुलिस अकादमी के पहले चरण का शनिवार को उद्घाटन किया। शाह ने अगले चरण की आधारशिला भी रखी। उद्घाटन के बाद पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह ने शाह को ‘लचित बरफुकन पुलिस अकादमी’ में स्थित अन्य केंद्रों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद शाह ने भवन का दौरा किया इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने गृह मंत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत अन्य लोग भी थे। शाह असम और मिजोरम के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम डेरगांव पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि 340 एकड़ में फैली ‘लचित बरफुकन पुलिस अकादमी’ का दो चरणों में 1,024 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है। प्रथम चरण में 167.4 करोड़ रुपये की लागत से किए गए नवीनीकरण के काम में पांच मंजिला भवन का भी कायाकल्प किया गया है, जिसमें स्मार्ट कक्षाएं, वेपन स्टिमुलेटर, अनुसंधान प्रयोगशालाएं और प्रशासनिक कार्यालय, एक संग्रहालय तथा एक आधुनिक परेड ग्राउंड शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि पहले चरण के तहत एक संग्रहालय और एक आधुनिक परेड ग्राउंड का भी निर्माण किया गया है। दूसरे चरण में 425.48 करोड़ रुपये की लागत से अकादमी में आवासीय बुनियादी ढांचे का विकास प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इसमें 240 परिवारों के लिए आवासीय क्वार्टर, 312 अधिकारियों-कर्मियों और 2,640 प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास उपलब्ध कराए जाएंगे।
शाह ने खुद बताया था कार्यक्रम
इससे पहले असम के जोरहाट पहुंचने के बाद गृह मंत्री शाह ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने बताया कि वह असम राइफल्स और मिजोरम सरकार के बीच भूमि हस्तांतरण समारोह में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त, असम में लचित बरफुकन पुलिस अकादमी के उद्घाटन में भाग लेंगे और पूर्वोत्तर राज्यों में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे। साथ ही, ऑल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन के 57वें वार्षिक सम्मेलन में बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र में अपने युवा मित्रों से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मैं कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।
ये भी पढ़ें: Amit Shah: तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर असम पहुंचे गृहमंत्री शाह; सीएम हिमंत सरमा ने किया भव्य स्वागत
असम में शाह के कार्यक्रम पर एक नजर
शनिवार सुबह मिजोरम रवाना होने से पहले गृहमंत्री शाह अत्याधुनिक पुलिस अकादमी का उद्घाटन करेंगे। देर शाम वे गुवाहाटी लौटेंगे और कोइनाधारा स्थित राज्य अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार सुबह गृह मंत्री ऑल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन (एबीएसयू) के 57वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने के लिए असम के कोकराझार जिले के डोटमा के लिए रवाना होंगे। शाह दोपहर में गुवाहाटी लौटेंगे और पूर्वोत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भारतीय न्याय संहिता की प्रगति की समीक्षा करेंगे। शाह रविवार रात दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
शाह के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मिजोरम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि गृह मंत्री शाह के दौरे से पहले राज्य में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बलों को गृह मंत्री के दौरे के दौरान सतर्क रहने के लिए कहा गया है। राज्य पुलिस के अलावा, प्रमुख मार्गों और स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से अतिरिक्त बल भी बुलाए गए हैं।
ये भी पढ़ें: PM Modi Regime: गृह मंत्री अमित शाह का दावा- PM मोदी के 10 साल के कार्यकाल में विगत 70 साल से ज्यादा विकास हुआ
शाह का यह मिजोरम का चौथा दौरा
डीजीपी शुक्ला ने बताया कि गृह मंत्री शाह के शनिवार दोपहर करीब 1.45 बजे लेंगपुई हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है। वह दोपहर 3 बजे खटला क्षेत्र में असम राइफल्स के 23 सेक्टर मुख्यालय के समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह गुवाहाटी के लिए उड़ान भरेंगे। अधिकारियों के अनुसार, शाह का मिजोरम का यह चौथा दौरा होगा।
23 अक्तूबर 2024 को समझौते पर हुए थे हस्ताक्षर
मिजोरम सरकार और असम राइफल्स ने पिछले साल 23 अक्तूबर को नई दिल्ली में एक औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें असम राइफल्स के प्रतिष्ठानों को आइजोल के केंद्र से जोखावसांग में स्थानांतरित किया जाना था। यह समझौता इस साल अप्रैल में लागू होगा।
संबंधित वीडियो