उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की ओर से रविवार को आयोजित हुई अमीन की परीक्षा का पेपर आउट हो गया। ताजगंज के नगर निगम इंटर कालेज में एक परीक्षार्थी परीक्षा में आए सभी प्रश्नों के उत्तर एक कागज की पर्ची पर लिखकर लाया था। केंद्र व्यवस्थापक ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। परीक्षार्थी के पास प्रश्नों के उत्तर वाट्स एप पर भेजे गए थे।
नगर निगम इंटर कालेज में पकड़े गए परीक्षार्थी ने अपना नाम कुलदीप पुत्र यशवीर निवासी गांव रसूलपुर साकलपूठी, थाना चंदन हेड़ी, बागपत बताया। सुबह दस बजे परीक्षा शुरू होने के बाद उसके पास नकल की पर्ची देखकर एक परीक्षार्थी युवती को शक हो गया। उसने कक्ष निरीक्षक तलत हुसैन को बता दिया। इस पर कक्ष निरीक्षक ने कुलदीप को पकड़ लिया। एक पर्ची वह मुंह में चबाने लगा, लेकिन उसे रोक लिया गया। एक पर्ची चेकिंग में मिली। फतेहाबाद के एसडीएम सुनील वर्मा ने आरोपी कुलदीप से पूछताछ की। उसने बताया कि उसके मोबाइल पर आंसर शीट भेजी गई।
इसके बाद उसका मोबाइल चेक किया गया तो उसमें वाट्स एप पर अमीन के नाम से बनाया गया एक ग्रुप मिला। जिस पर तकरीबन आठ बजे दोनों पालियों की परीक्षा में आने वाले प्रश्नों के सभी उत्तर की आंसर शीट आ चुकी थी। प्रश्नों से उत्तरों का मिलान किया गया तो कई उत्तर सही निकले। कालेज प्रिंसिपल अशोक कुमार ने तहरीर दी। इस पर आरोपी के खिलाफ धारा 420, 379, 426 और 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। इंस्पेक्टर ताजगंज का कहना है कि मोबाइल को साइबर सेल में जांच के लिए भेजा गया है। फतेहाबाद के एसडीएम सुनील वर्मा ने बताया कि पेपर आउट होने की रिपोर्ट एडीएम सिटी को भेज दी गई है।