विदेशों में भारतीयों का जलवा हमेशा रहा है, चाहे वो डॉक्टर हो, इंजीनियर हो या कोई शोधकर्ता। दुनियाभर में भारतीयों ने अपनी पहचान अपने हुनर के आधार पर बनाई है। वहीं अमेरिका के स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी ने वैज्ञानिकों की सूची जारी की जिसमें भारत की दो आईआईटी से सबसे ज्यादा वैज्ञानिक थे।
सूची में आईआई गुवाहाटी के 22 संकाय सदस्यों को साथ ही शोधकर्ताओं को जगह मिली है। इसके अलावा आईआईटी बीएचयू (वाराणसी) के 14 सदस्यों को भी इस लिस्ट में शामिल किया गया है।
वहीं आईआईटी गुवाहाटी के जारी बयान के मुताबिक स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी में विशेषज्ञों ने एक लाख से ज्यादा ऐसे वैज्ञानिकों के नामों की सूची बनाई है। जिनके अनुसंधान कार्यों ने उनके संबंधित क्षेत्रों की प्रगति में योगदान दिया है और शोधकर्ताओं को भी इससे फायदा पहुंचा है।
आईआईटी गुवाहाटी के सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, भौतिकी, रसायन इंजीनियरिंग, जैव विज्ञान और जैव इंजीनियरिंग, रसायन शास्त्र, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स विभागों से जुड़े सदस्यों के नाम इस सूची में जोड़े गए हैं।
आपको बता दें, अमेरिकन यूनिवर्सिटी ने अपनी सूची में पूरी दुनिया के लगभग 1,59, 683 नाम शामिल किए हैं। इनमें 1500 भारतीय हैं। इनमें इंजीनियर, वैज्ञानिक और डॉक्टर शामिल हैं। इन सभी को इनके शोध पत्रों के आधार पर चयनित किया गया है।