अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने अब जल में होने वाले बचाव और खोज अभियानों को और भी आसान और हाईटेक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। निगम ने एक रोबोटिक डिवाइस पेश किया है जो 200 मीटर तक पानी के अंदर जाकर खोज कर सकता है। इस उपकरण का नाम डीप ट्रैकर रिमोट-ऑपरेटेड व्हीकल (आरओवी) है। बता दें कि इस रोबोट का उपयोग नदियों या नहरों में गिरी चीज़ों को ढूंढ़ने, डूबे हुए शवों को निकालने के साथ-साथ अपराध के मामलों में पानी में फेंके गए हथियार या सबूत खोजने में भी आ सकता है।
क्यों खास है ये रोबोट
इसके साथ ही इस रोबोट को लेकर बताया गया है कि अभी तक फायर ब्रिगेड के पास ऐसा कोई उपकरण नहीं था, इसलिए कई बार गोताखोरों या फायर फाइटर्स को खुद ही खतरनाक परिस्थितियों में पानी में उतरकर मैन्युअल सर्च करना पड़ता था। इस रोबोट की मदद से अब ऐसे ऑपरेशनों में तेजी और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सकेगी।
ये भी पढ़ें:- BJP: 'राहुल से इतिहास मत सीखिए', भाजपा सांसद ने कांग्रेस नेता के पॉडकास्ट की गिनाईं गलतियां, जमकर उड़ाई खिल्ली
रेस्क्यू क्षमता में मजबूती के लिए एएमसी की योजना
एएमसी इस उपकरण को खरीदने की योजना बना रही है ताकि फायर डिपार्टमेंट की रेस्क्यू क्षमता को और बेहतर किया जा सके। भविष्य में इस तरह के और डिवाइस जोड़े जा सकते हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को AMC ने नेक्सस वन मॉल में एक मॉक ड्रिल भी आयोजित की, जिसमें कई आपातकालीन एजेंसियों ने हिस्सा लिया।