200 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके एक्टर और पूर्व मंत्री अंबरीश का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी काफी समय से सेहत खराब चल रही थी। जानकारी के मुताबिक वह अपनी बिगड़ती सेहत के लिए काफी परेशान थे। उन्होंने अपने बिगड़ते स्वास्थ्य पर ज्योतिषीय सलाह भी मांगी थी। वह 66 साल के थे।
अंबरीश के निधन के बाद न केवल सिनेमाजगत बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। अंबरीश को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पर देर रात अंतिम सास ली। अंबरीश के निधन के बाद सिनेमाजगत की कई दिग्गज हस्तियों ने उन्हें सोशल मीडिया पर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
रजनीकांत ने ट्विटर पर लिखा - 'मेरे बेस्ट फ्रेंड और बहुत ही अच्छे इंसान को मैंने खो दिया है। मैं तुम्हें बहुत याद करूंगा। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।' इसके साथ ही फिल्म एक्ट्रेस राधिका सरथकुमार ने एक तस्वीर पोस्ट करते अंबरीश को श्रद्धांजलि दी। राधिका सरथकुमार ने ट्वीट किया - 'अंबरीश तुम बहुत अच्छे इंसान थे। मैं तुम्हें बहुत याद करूंगी। इस खबर को सुनते ही दिल टूट गया। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।'
इस गमगीन मौके पर अमिताभ बच्चन भी खुद को रोक नहीं सके। बिग बी ने एक तस्वीर को रिट्वीट करते हुए लिखा - 'सह-कलाकार अंबरीश के निधन से बहुत दुख हुआ। भगवान उनकी आत्मा शांति दे।' इसके साथ ही कमल हासन ने कन्नड़ भाषा में ट्वीट करके अपने दोस्त को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। वहीं मोहनलाल ने लिखा - 'भाई और दोस्त अंबरीश के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। भगवान उनके परिवार को दुख सहने की ताकत दे।'