शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा दिल्ली के इंडिया इस्लामिक सेंटर में आयोजित एक नए तरह के संवाद कार्यक्रम नजरिया में शामिल होने को लेकर दिल्लीवासियों में खासा उत्साह है। वक्ताओं और विषयों की विविधता ने इस संवाद के आकर्षण को बढ़ा दिया है। रजिस्ट्रेशन के जरिए प्रवेश पाने की व्यवस्था की शर्त के चलते ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में काफी तेजी आ गई है।
वक्ता और विषयों की विविधता ने बढ़ा दिया आकर्षण
कलम के बाहुबली मनोज मुन्तशिर की रोचक दास्तान के अलावा साइबर सुरक्षा से लेकर अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो के काम की अंतरराष्ट्रीय विशेषता और मानव चेतना के विकास पर अनुभव आधारित चर्चा की गारंटी हर वर्ग के लोगों का ध्यान खींच रही है। अलग-अलग रुचियों और क्षमताओं के युवाओं के अलावा वरिष्ठ आर्किटेक्ट, वकील, कॉलेजों के प्राध्यापक, आईटी प्रोफेशनल और कारपोरेट जगत के वरिष्ठों के रजिस्ट्रेशन फाउंडेशन की वेबसाइट के माध्यम से हो रहे हैं।
अमर उजाला फाउंडेशन और माइन्ड्स इग्नाइटेड के साझा प्रयास से आयोजित संवाद श्रृंखला नजरिया, जो जीवन बदल दे का उद्देश्य अनुभवी श्रेष्ठतम विचारों को व्यापक हिन्दी भाषी समाज के सामने लाना है।
पंजीकरण है जरूरी
इस संवाद कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पंजीकरण जरूरी है। इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन की वेबसाइट
foundation.amarujala.com पर जाकर पंजीकरण फार्म भरना होगा। इसके बाद प्रवेश पत्र मेल से भेजा जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा।