कुलभूषण जाधव मामले में इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस का फैसला आने के बाद भी ज्यादातर पाठकों ने माना कि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आएगा। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय कोर्ट ने फिलहाल कुलभूषण जाधव की फांसी की सजा पर रोक लगा दी है। फैसला सुनाने से पहले कोर्ट ने कहा कि विएना संधि के अनुसार जाधव को काउंसलर एक्सेस मिलना चाहिए था। कोर्ट ने मामले में पाकिस्तान की ओर से रखी गई लगभग सभी दलीलों को खारिज कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय अदालत ने कहा जब दोनों ही देश विएना संधि पर हस्ताक्षर कर चुके हैं तो जाधव की काउंसलर एक्सेस की मांग सुनी जानी चाहिए थी। कोर्ट के अनुसार अभी यह ही तय नहीं हो पाया है कि जाधव आतंकवादी थे भी या नहीं। इसके बाद कोर्ट ने आदेश दिया कि जब तक वह इस संबंध में कोई फैसला नहीं सुना दे तब तक पाकिस्तान जाधव को फांसी नहीं देगा।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या आपको लगता है कि जाधव मामले पर ICJ के आदेश के बाद भारत के प्रति अपनी हरकतों से बाज़ आएगा पाकिस्तान?'
पोल के जवाब में हमें कुल 10,226 वोट मिले। इनमें 84.21% (8611 वोट) पाठकों ने माना कि अंतरराष्ट्रीय कोर्ट का फैसला आने के बाद भी पाक अपनी हरकतों से बाज नहीं आएगा, जबकि 12.28% (1256 वोट) पाठकों ने अपनी राय व्यक्त की है कि जाधव मामले में इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस का फैसला आने के बाद पाक अपनी हरकतों में सुधार करेगा। वहीं 3.51% (359 वोट) पाठकों ने इस मुद्दे पर कोई राय जाहिर करने में असमर्थता जताई।