वर्षों से चले आ रहे राम मंदिर विवाद का हल निकले यह पूरा हिंदुस्तान चाहता है, लेकिन अमर उजाला के ज्यादातर पाठकों की राय भी सुप्रीम कोर्ट की सलाहनुसार है कि राम मंदिर का हल कोर्ट के बाहर बातचीत के जरिए निकाल लिया जाए।
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या के विवादित ढांचा मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि बातचीत से ये विवाद सुलझे तो अच्छा है। कोर्ट ने कहा कि इसके लिए जज भी आगे आने को तैयार हैं। कोर्ट ने कहा कि जरूरत पड़ी तो जज भी मध्यस्थता करने को तैयार हैं।
सुप्रीम कोर्ट की इन सलाहों पर दिनभर राजनीतिक और गैरराजनीति प्रतिक्रियाओं का तांता लगा रहा। इसी को ध्यान में रखते हुए अमर उजाला ने ऑनलाइन पोल के जरिए अपने पाठकों की राय जाननी चाही। पोल में सवाल पूछा गया कि क्या कोर्ट के बाहर बातचीत के जरिए राम मंदिर विवाद का हल निकल सकता है?
सबसे ज्यादा 58.22 फीसदी (7426) पाठकों ने कहा कि राम मंदिर का हल कोर्ट के बाहर बातचीत से निकल सकता है। 38.02 फीसदी (4850) पाठकों की राय में बातचीत से इस मसले का हल नहीं निकल सकता है। वहीं, 3.76 फीसदी (479) पाठकों ने सवाल का जवाब देने में असमर्थता जताई। पोल में कुल 12,755 पाठकों ने हिस्सा लिया।