केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर किसी नेता पर कोई आरोप लगता है और प्राथमिक जांच में आरोप बनता है तो उसे नैतिकता के नाते अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। उन्होंने सभी पार्टियों से अपील की है कि यदि किसी नेता पर कोई आरोप लगता है तो नैतिकता के आधार पर इस्तीफा सौंप दें।
उन्होंने कहा कि जब तक आरोपमुक्त न हो जाएं, तब तक ऐसे नेताओं को पद किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करना चाहिए। राजनाथ ने कहा कि जिस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप है, उसे वोट मांगने का कोई अधिकार नहीं है।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या गृहमंत्री राजनाथ सिंह की इस नसीहत पर राजनेता अमल करेंगे?
इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 7631 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 30.13 फीसदी यानि 2299 पाठकों ने माना कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह की इस नसीहत पर राजनेता अमल करेंगे।
जबकि 64.08 फीसदी पाठक यानि 4890 लोगों का कहना है कि राजनाथ सिंह की नसीहत से राजनेताओं पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वहीं, 5.79 फीसदी यानि 442 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।