सीएम योगी आदित्यनाथ ने छह महीने पूरे होने पर मंगलवार को सरकार द्वारा किए गए कामों का ब्योरा जनता के सामने रखा।
उत्तर प्रदेश पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछले छह महीनों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से आमजन के अंदर विश्ववास बढ़ा है, साथ ही प्रदेश में निवेश का माहौल भी बना है।
रिपोर्ट कार्ड के दौरान सीएम ने कहा कि मार्च 2017 के बाद दंगे की एक भी घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को जंगलराज से निकालना हमारी सरकार की प्रायॉरिटी में था। इस बात की खुशी है कि मंत्रियों की मेहनत से लोगों में विश्वास की भावना आई है।
सीएम ने कहा कि पहले 100 दिनों में 80 हजार किलोमीटर सड़क को गड्ढा मुक्त किया। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स का गठन किया । साथ ही बड़ी संख्या में जमीन पर अवैध कब्जे को हटाया गया।
योगी सरकार के छह माह के कार्यकाल पर अमर उजाला ने अपने पाठकों से उनकी राय जाननी चाही। अमर उजाला पोल में हमने अपने पाठकों से सवाल किया कि क्या योगी सरकार के छह माह के कार्यकाल से आप संतुष्ट हैं?
पोल में कुल 14,507 पाठकों ने हिस्सा लिया। 50.8 प्रतिशत (7370 वोट) पाठकों का मानना है कि वे योगी सरकार के 6 माह के कार्यकाल से संतुष्ट हैं। 46.72 प्रतिशत (6777 वोट) लोगों का मानना है कि वे योगी के अब तक कार्यकाल से संतुष्ट नहीं हैं। वहीं 2.48 (360 वोट) पाठकों ने कोई राय व्यक्त नहीं की।
हालांकि, पोल में करीब 46 फीसदी जनता योगी सरकार के कामकाज से संतुष्ट नजर नहीं आ रही है। जो कि सरकार के लिए चिंता का विषय है।