दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने तीन मंत्रियों के साथ एलजी कार्यालय में आठवें दिन भी धरने पर हैं। इसी कड़ी में सोमवार को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आम आदमी पार्टी के धरने पर तंज कसा है।
उन्होंने कहा, "करने में जीरो, धरने में हीरो, करना कुछ नहीं धरना सबकुछ यह उनकी मानसिकता है। यह उनके प्रति दिल्लीवासियों के भरोसे को खत्म कर रहा है।"
वहीं सीएम केजरीवाल ने रविवार सुबह ट्वीट करते हुए कहा, 'जो प्रधानमंत्री किसी राज्य में अफ़सरों की हड़ताल करवा के वहां का काम-काज ठप करता है, क्या ऐसे प्रधानमंत्री के हाथों में देश का लोकतंत्र सुरक्षित है?'
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आम आदमी पार्टी की सरकार के कामकाज से दिल्ली की जनता संतुष्ट है?' सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 3977 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 38.37 फीसदी (1526 वोट) पाठकों ने माना कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कामकाज से दिल्ली की जनता संतुष्ट है। जबकि 61.63 फीसदी (2451 वोट) पाठकों ने माना कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कामकाज से दिल्ली की जनता संतुष्ट नहीं है।