नोटबंदी के खिलाफ उठे बवाल का असर संसद के शीतकालीन सत्र में भी दिख रहा है। सत्र के पहले दिन ही विपक्षी दलों ने मोदी सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध किया। इतना ही नहीं विपक्ष ने सरकार के इस फैसले के खिलाफ सवालों की झड़ी लगा दी। विपक्षी दलों की तरफ से सबसे पहले कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने मोदी सरकार को घेरा और नोटबंदी में कई खामियां गिनाई।
उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी अध्यादेश के इतना बड़ा फैसला लेकर आ गई, यह तानाशाही है। इसके बाद शरद यादव, सीताराम येचुरी और मायावती समेत कई बडे़ नेताओं ने नोटबंदी का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री की नीयत पर ही सवाल खड़े किए।
विपक्ष के विरोध के बाद अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल किया। पोल का सवाल था कि, 'नोटबंदी को लेकर पीएम मोदी पर लगाए गए विपक्ष के आरोपों से आप सहमत हैं?' पोल में कुल 20,260 पाठकों ने हिस्सा लिया। सवाल के जवाब में सबसे अधिक 55.06 फीसदी यानी 11,155 पाठक पीएम मोदी पर लगाए गए विपक्ष के आरोपों से सहमत नहीं हैं। वहीं 44.07 फीसदी यानी 8,928 पाठक विपक्ष के आरोपों पर सहमत हैं। 0.87 फीसदी यानी 177 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।