उत्तर कोरिया ने रविवार को अपना छठा और अब तक सबसे ताकतवर परमाणु परीक्षण किया। उसने ऐसे हाइड्रोजन बम के विस्फोट का दावा किया है, जिसे अंतर महाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल पर लोड किया जा सकता है। उत्तर कोरिया के इस टेस्ट ने उसे अमेरिकी शहरों को निशाना बनाने के और करीब पहुंचा दिया है।
उत्तर कोरिया ने इस टेस्ट को पूरी तरह कामयाब करार दिया है। दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार सेवा योनहैप के मुताबिक उत्तर कोरिया ने जिस हाइड्रोजन का टेस्ट किया है वो जापानी शहर हिरोशिमा और नागासाकी पर 1945 में गिराए गए परमाणु बमों से ढाई-तीन गुना ज्यादा ताकतवर है।
अमर उजाला डॉट.कॉम ने इस पर पाठकों की राय जानी और सवाल पूछा, "क्या उत्तर कोरिया द्वारा किया गया हाइड्रोजन बम का परीक्षण अमेरिका और जापान को उकसाने के लिए किया गया है?"
पोल में 8257 पाठकों ने हिस्सा लिया। करीब 84.49 फीसदी यानि 6976 पाठकों ने माना कि उत्तर कोरिया द्वारा किया गया हाइड्रोजन बम का परीक्षण अमेरिका और जापान को उकसाने के लिए किया गया है। मात्र 10.68 फीसदी यानि 882 पाठकों ने इस सवाल से सहमत नहीं हुए और उन्होंने नहीं में जवाब दिया। 4.83 फीसदी यानि 399 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।