धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उनके फॉर्म और भविष्य को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। लेकिन टीम के कप्तान विराट कोहली का मानना है कि अगले तीन महीनों में सीमित ओवरों के कई मुकाबले होने है। ऐसे में पूर्व कप्तान धोनी को अपनी लय हासिल करने में मदद मिलेगी। वहीं, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी का खुलकर समर्थन किया है।
मालूम हो कि धोनी का बल्ला पिछले कुछ समय से खामोश रहा है, लेकिन कोहली को उम्मीद है कि वो फॉर्म में जरुर लौट आएँगे। टीम इंडिया को इस सीजन में सीमित ओवर के 24 मुकाबले खेलना है। कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वन-डे से पहले कहा, 'इस सीजन में हमें खिलाड़ियों की भूमिका परिभाषित करने में मदद मिलेगी। इससे हम 2019 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें अपनी भूमिका में खरा उतरने के लिए समय दे पाएंगे।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या 2019 के विश्वकप के लिए टीम इंडिया में महेन्द्र सिंह धोनी की जगह किसी युवा खिलाड़ी को तैयार करना चाहिए?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 15,481 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में 35.37 फीसदी यानि 5,475 पाठकों ने माना कि धोनी की जगह किसी युवा खिलाड़ी को लेना चाहिए। जबकि 62.43 फीसदी यानि 9,665 पाठकों ने माना कि 2019 विश्वकप के लिए धोनी की जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को नहीं लेना चाहिए। वहीं, 2.2 फीसदी यानि 341 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।