व्हाट्सएप ने फर्जी खबरों और अफवाहों को रोकने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मैसेजिंग एप ने कोई मैसेज आगे फारवर्ड करने की संख्या सीमित करने के लिए शुक्रवार से एक नए फीचर का परीक्षण शुरू कर दिया है। ऐसा भीड़ हिंसा की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर किया जा रहा है। नई व्यवस्था में किसी भी मैसेज को कोई यूजर अधिकतम पांच चैट ग्रुप या यूजर्स को ही फॉरवर्ड कर पाएगा।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या व्हाट्सएप में किये जा रहे नये बदलावों से फेक न्यूज और भीड़तंत्र पर रोक लगेगी?' सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 2410 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 60.87 फीसदी (1467 वोट) पाठकों ने माना कि व्हाट्सएप में किये जा रहे नये बदलावों से फेक न्यूज और भीड़तंत्र पर रोक लगेगी। जबकि 39.13 फीसदी (943 वोट) पाठकों ने माना कि व्हाट्सएप में किये जा रहे नये बदलावों से फेक न्यूज और भीड़तंत्र पर रोक नहीं लगेगी।