पाकिस्तान जेल में बंद भारतीय कैदी कुलभूषण जाधव और उनकी मां-पत्नी के बीच सोमवार को मुलाकात संभव हुई। उनके बीच लगभग 30 मिनट बातचीत चली। हालांकि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच एक शीशे की दीवार मौजूद रही, जिसके आर पार ही मां और पत्नी कुलभूषण को देख सकीं। जबकि बातचीत के लिए इंटरकॉम की मदद ली गई।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की सालगिरह पर हुई इस मुलाकात को सद्भावना मुलाकात का नाम दिया गया।
इस मुलाकात के बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से एक प्रेस कान्फ्रेंस की गई, जिसमें कुलभूषण जाधव की एक वीडियो दिखाई गई। वीडियो में जाधव इस मुलाकात के लिए पाक अधिकारियों का धन्यवाद कहते दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान शीशे के पार मुलाकात पर पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने जवाब दिया कि सुरक्षा कारणों से ऐसा किया गया था। और इस संबंध में हमने उन्हें पहले ही बता दिया था कि सुरक्षा कारणों से आपकी मुलाकात कुछ बैरियर के बीच ही होगी।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आप मानते हैं कुलभूषण से उनकी मां और पत्नी को मिलवाना भी पाक की एक चाल है'? सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 12015 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 81.41 फीसदी (9781 वोट) ने माना कि यह मुलाकात करवाना पाक की चाल। जबकि 11.74 फीसदी पाठकों (1411 वोट) ने माना ऐसा नहीं है। वहीं, 6.85 फीसदी (823 वोट) पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।